पुलिस को दी शिकायत में हार्दिक ने बताया कि वह अपने बाइक राइडर्स दोस्तों के साथ रविवार की सुबह एंबियंस मॉल साइबर सिटी से पचगांव में ब्रेकफास्ट करने के लिए निकला था। ग्रुप के सभी दोस्तों के पास महंगी बाइक थी। जब वे द्वारका एक्सप्रेसवे पर चल रहे थे तो एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार युवकों ने उनकी बाइकों को पीछे से टक्कर मारने का प्रयास किया, लेकिन बाइकों को टक्कर नहीं लग पाई। आरोपियों ने उनकी बाइकों के सामने अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी अड़ा दी।
जब बीच-बचाव करने की कोशिश की तो एक हमलावर ने उनके सिर पर स्टील के बेसबॉल बैट से वार किया। हेलमेट के कारण उनकी जान बच गई, लेकिन हमलावरों ने उनकी बाइक को पूरी तरह तोड़ दिया। इस दौरान आसपास के लोगों के घटना स्थल पर एकत्रित होने पर हमलावर युवक अपनी स्कॉर्पियो में सवार होकर भाग गए, लेकिन जाते-जाते उन्होंने जान से मारने की धमकी दी।
आरोपी दिल्ली में चलाते जिम, नशा करने जाते गुरुग्राम
बताया जा रहा है कि आरोपी युवक दिल्ली में जिम चलाते हैं। अक्सर नशा करने गुरुग्राम आते हैं और नशा करके खतरनाक ड्राइविंग करते हैं। इतना ही नहीं जिम में गन कल्चर के गानों पर वीडियो बनाते हैं। उनके इंस्टाग्राम पेज पर इस तरह के काफी वीडियो अपलोड हैं। घायल और उनके दोस्तों ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है, ताकि इस तरह के असामाजिक तत्वों को सबक सिखाया जा सके। उन्होंने इस घटना का वीडियो और फोटो सबूत के तौर पर पुलिस को सौंपे हैं।