मानेसर। होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (एचएमएसआई) विवाद को लेकर मंगलवार को 29वें दिन अस्थायी श्रमिकों ने मानव शृंखला बनाकर विभिन्न स्थानों पर धरना प्रदर्शन किया। इसके अलावा मानेसर प्लांट के सामने धरना अभी भी जारी है। वहीं स्थायी कर्मचारियों के काम पर लौटने के बाद भी कंपनी में उत्पादन शुरू नहीं हो पाया है।
गुरुग्राम में करीब आधा दर्जन स्थानों पर श्रमिकों व यूनियन संगठनों के पदाधिकारियों ने मिलकर मानव शृंखला बनाकर विरोध प्रदर्शन किया। उद्योग विहार सेक्टर-18 में मानव शृंखला बनाकर श्रमिकों ने पूर्व महासचिव कुलदीप सिंह की अध्यक्षता में प्रदर्शन किया। उनके साथ जसपाल राणा, नरेश कुमार व जागड़ा समेत पदाधिकारी रहे।
गुरुग्राम लघु सचिवालय में मानव शृंखला की अध्यक्षता होंडा यूनियन अध्यक्ष सुरेश गौड़ ने की, जिसमें मारुति, होंडा, हीरो समेत अन्य कंपनियों के यूनियन पदाधिकारी व श्रमिक शामिल रहे।
वहीं एयरटेल बिल्डिंग के पास श्रम कानूनों में बदलाव के विरोध में, होंडा श्रमिकों की सुनवाई नहीं करने पर, औद्योगिक क्षेत्र में मंदी के कारण फैली अशांति के विरोध में, ठेका प्रथा खत्म करने व श्रमिकों का शोषण करने पर मानव शृंखला में विरोध प्रदर्शन किया।
आईएमटी मानेसर सेक्टर-3 होंडा प्लांट के सामने अन्य संगठनों व यूनियनों के सैकड़ों पदाधिकारियों ने मानव शृंखला बनाकर विरोध प्रदर्शन किया। मानव शृंखला में महासचिव अनिल पवार, का. सतवीर सिंह, राकेश वेरवा, मुकेश यादव शिवम् आटो, नरेश कुमार, नपिनो आटो से परशुराम, नरेश राणा, धीरेंद्र गुप्ता मुंजाल शोवा, सतीश गुज्जर, किशन कुमार, दिलसिगार यादव, एमके आटो से रामनिवास यादव समेत अन्य प्रतिनिधि शामिल हुए।
बता दें कि 6 दिसंबर को आईएमटी मानेसर में ट्रेड यूनियनों के केंद्रीय नेताओं का सम्मेलन होगा। 8 जनवरी को पूरे देश में आम हड़ताल करेंगे। गुरुग्राम, रेवाड़ी, बिनौला यूनियन कर्मचारियों ने मंगलवार को मानव शृंखला बनाकर सरकार के प्रति विरोध प्रदर्शन किया।