अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिले में शुक्रवार को बुजुर्गों और दिव्यांग के लिए होम वोटिंग शुरू हुई। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत कुमार यादव ने होम वोटिंग का निरीक्षण किया और सभी टीमों को चुनाव आयोग की गाइडलाइन की पालना करने के निर्देश दिए। पहले दिन पटाैदी विधानसभा क्षेत्र में 218, बादशाहपुर में 347, सोहना में 271 और गुड़गांव विधानसभा क्षेत्र में 256 पात्र मतदाताओं ने मतदान किया। इस तरह जिले में कुल 1092 लाेगों ने मतदान किया। एक स्थान पर निर्वाचन अधिकारी और कर्मचारी वोटिंग कराने गए, लेकिन उनके जाने से पहले वोटर की मौत हो गई जिसे वह मताधिकार का प्रयोग नहीं कर पाए।
गुड़गांव, बादशाहपुर, सोहना व पटौदी विधानसभा क्षेत्र में फार्म 12डी जमा करवाने वाले 85 साल से अधिक आयु के बुजुर्ग व चालीस प्रतिशत से अधिक दिव्यांग मतदाताओं के उनके घर पर ही वोट डलवाए गए। होम वोटिंग के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा गया कि मतदान की गोपनीयता बनी रहनी चाहिए। उपायुक्त ने गुरुग्राम के सेक्टर चार में स्वयं होम वोटिंग का निरीक्षण किया। उनके समक्ष सेवानिवृत मुख्याध्यापिका 93 वर्षीय शकुंतला शारदा ने मतदान किया। वोट डालने के बाद बुजुर्ग महिला बेहद प्रसन्न नजर आ रही थी और उन्होंने इस सुविधा के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। महिला ने कहा कि बीमार अवस्था के कारण मतदान केंद्र तक नहीं जा सकती थी।
उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने कहा कि जिला में 1173 मतदाताओं के घर पर वोट डलवाए जाएंगे, जो कि शुक्रवार से शुरू हो गए हैं। जो व्यक्ति मतदान नहीं कर पाएंगे, उनके 29 सितंबर को वोट डलवाए जाएंगे। प्रशासन की ओर से इस कार्य की फोटोग्राफी तथा वीडियोग्राफी भी करवाई जा रही है। केवल मतदाता को ही बैलेट पेपर पर निशान लगाकर वोट डालने की अनुमति होगी। बाहर का कोई व्यक्ति इस कार्य में सहयोग नहीं करेगा।