दोनों पक्षों ने पुलिस को नहीं दी शिकायत, आपसी स्तर पर ही मामला सुलझाया
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम-सोहना रोड पर राजीव चौक अंडरपास में रविवार की सुबह करीब तीन बजे ऑडी ने आगे चल रही इको गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इको गाड़ी पलट गई। हादसे में दोनों वाहनों में काफी नुकसान हुआ है।
हालांकि दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को काेई शिकायत नहीं की गई है और आपसी स्तर पर ही मामला सुलझा लिया है। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह सोहना से गुरुग्राम की ओर इको गाड़ी आ रही थी। जब वह राजीव चौक के अंडरपास में पहुंची तो तेज रफ्तार ऑडी कार ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर से इको गाड़ी पलट गई और दोनों वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। ऑडी कार और इको गाड़ी में चालक ही मौजूद थे। इस हादसे में दोनों को हल्की चोटें आईं थीं। बताया जा रहा है कि कार चालक नशे में था। पुलिस चाैकी नाहरपुर के प्रभारी अनिल ने बताया कि मामले को लेकर कोई शिकायत नहीं आई है। दोनों पक्षों ने अपने स्तर पर ही मामला सुलझा लिया है। कोई शिकायत आती है तो संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की जाएगी।