आरोपी ने दो महीने रैपिडो कंपनी में मोटरसाइकिल चलाने का किया था काम
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। यूट्यूबर एल्विश यादव के घर पर गोली चलाने वाले बदमाशों को मोटरसाइकिल मुहैया कराने वाले को अपराध शाखा सेक्टर-40 ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान फरीदाबाद के पर्वतीय कॉलोनी निवासी जतिन (24) के रूप में हुई है।
17 अगस्त की सुबह सेक्टर-57 स्थित एल्विश यादव के घर पर दो युवकों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं। एल्विश के पिता की शिकायत पर सेक्टर-56 थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया था। पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 17 अगस्त की सुबह करीब साढ़े पांच बजे उनके घर के ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी। यह पूरी वारदात घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हो गई थी। इसके बाद हमलावर मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे।
अपराध शाखा ने शनिवार को आरोपी जतिन को गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर हनुमान मंदिर के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपी से पूछताछ में पता चला कि वह गुरुग्राम में दाे महीने से रैपिडो कंपनी में मोटरसाइकिल चलाने का काम करता था। उसने साथियों के कहने से अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी। उसने अपनी मोटरसाइकिल गोली चलाने वाले हमलावरों को उपलब्ध कराई थी। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को बरामद कर लिया है। पुलिस ने रविवार को आरोपी को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।