राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग और रोहित शौकीन की हत्या करने वाले गिरफ्त से बाहर
सहायिका द्वारा नकदी व गहने चोरी और डॉक्टर के घर में डकैती डालने वाले नहीं आए पकड़ में
प्रवीन कुमार
गुरुग्राम। हाईटेक मानी जाने वाली गुरुग्राम पुलिस के कई आपराधिक मामलों में हाथ खाली हैं। पुलिस मामलों में संलिप्त आरोपियों को पकड़ने के लिए गहनता से जांच कर रही है लेकिन पुलिस आरोपियों तक पहुंच नहीं पाई है। गायक राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग और रोहित शौकीन की हत्या के मामले में पुलिस जांच करके जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। वहीं, सोहना में युवक की गला रेतकर हत्या, घरेलू सहायिका द्वारा लाखों रुपये की नकदी व गहने चोरी और डॉक्टर के घर में डकैती के मामले में पुलिस सिर्फ जांच तक ही सीमित है।
मामला-1
4 अगस्त की रात को सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) पर बाइक सवार दो बदमाशों ने अंधाधुंध गोलियां चलाकर दिल्ली के कमरूद्दीन नगर, निहाल विहार निवासी रोहित शौकीन की हत्या कर दी थी। हत्या के बाद सुनील सरधानिया के नाम से सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी हुई, जिसमें हत्या की जिम्मेदारी ली गई। बताया जा रहा है कि दीपक नांदल ने रोहित को व्हाट्सएप कॉल करके रुपये देने के लिए गुरुग्राम बुलाया था। रोहित शौकीन की हत्या के कई दिन बाद भी पुलिस गोलियां चलाने वाले दोनों बदमाशों को नहीं पकड़ पाई है।
मामला-2
14 जुलाई की देर शाम सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) पर बॉलीवुड गायक राहुल फाजिलपुरिया की थार गाड़ी पर फायरिंग करने वाले बदमाश पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस रेकी करने वाले विशाल को गिरफ्तार करके पूछताछ कर चुकी है। वहीं, गायक की रेकी करने वाले रमनदीप उर्फ पेट्रोल निवासी खेरका गांव, सिरसा को मुठभेड़ के बाद काबू किया था। फायरिंग करने वाले बदमाश एक माह बाद भी पकड़ से दूर हैं।
मामला-3
सोहना शहर थाना क्षेत्र में 6 जुलाई की सुबह अरावली की पहाड़ियों के पास सड़क किनारे युवक का शव बरामद हुआ। युवक की 5 जुलाई की रात को गला रेतकर हत्या की गई थी। युवक के हाथों को रस्सी से पीछे बांधा गया था और आंखों पर दुपट्टा बंधा हुआ था। पुलिस ने घटनास्थल से टूटी हाॅकी स्टिक और खून से सना चाकू भी बरामद किया। मृत युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के समीर के रूप में हुई थी। हत्या के एक माह आठ दिन बाद भी पुलिस हत्या करने वाले आरोपियों तक पहुंच नहीं पाई है।
मामला-4
1 मार्च की देर शाम सेक्टर-4 स्थित एक घर में नकाबपोश छह बदमाशों ने डॉक्टर के परिवार को बंधक बनाकर लाखों की डकैती को अंजाम दिया था। पिस्टल व चाकू से लैस बदमाशों ने परिवार के सदस्यों और घरेलू सहायिकाओं को बंधक बनाकर मारपीट करते हुए कमरे में बंद कर दिया। बदमाश डॉक्टर के घर से करीब पांच लाख रुपये नकदी और लाखों रुपये के गहने लूट ले गए थे। पुलिस ने आसपास और सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली लेकिन कई माह बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
मामला-5
बजघेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत न्यू पालम विहार में 10 फरवरी को एक ठेकेदार के घर से नेपाल मूल की घरेलू सहायिका 15 लाख रुपये नकदी, करीब 35 तोले सोना और एक किलो चांदी के आभूषण चोरी कर ले गई थी। पुलिस ने घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी तो घरेलू सहायिका अपने एक साथी (युवक) के साथ जाती दिखाई दी। युवक के पास बैग था। पुलिस ने चोरी करने वाली घरेलू सहायिका व युवक को ढूंढ़ने के काफी प्रयास किए लेकिन आरोपी गिरफ्त से बाहर हैं।
आरोपी जल्द गिरफ्तार होंगे : पुलिस
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार का कहना है कि अधिकतर मामलों में पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है। जिन आपराधिक मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है पुलिस उन आरोपियों को पकड़ने के लिए प्रयास कर रही है। सभी मामलों में पुलिस गहनता से जांच करने में जुटी है। जल्द ही पुलिस आरोपियों तक पहुंचकर गिरफ्तार करेगी।