सोहना बाईपासपर भरा बरसाती पानी - उमेश गुप्ता,सोहना।
- फोटो : Gurgaon
शहर में बूंदाबांदी और ग्रामीण इलाकों में हुई झमाझम बारिश
गुरुग्राम। शहर में बुधवार को दोपहर बाद आसमान में बादल तो छाए लेकिन सिर्फ बूंदाबांदी के बाद ही निकल गए। हालांकि, सोहना व आस-पास के ग्रामीण इलाकों में झमाझम बारिश हुई, जिससे काफी जलभराव हो गया। यहां तक कि नाले का पानी लोगों के घरों में घुस गया। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बुधवार को सुबह से ही सामान्य तरीके से धूप खिलने लगी थी। दोपहर 12 बजे तक तेज धूप से लोग परेशान रहे, लेकिन मौसम ने अचानक करवट ली और बादल छा गए। हालांकि हल्की बूंदाबांदी के बाद बादल छंटने लगे। वहीं सोहना कस्बे व ग्रामीण इलाकों में जमकर बारिश हुई और काफी जलभराव भी हो गया। इससे लोगों को काफी समस्या का सामना करना पड़ा। यहां तक कि सोहना नगर परिषद के वार्ड-19 की मंगल नगर कॉलोनी में बारिश व नाले का गंदा पानी लोगों के घरों में घुस गया। वहीं बस अड्डा रोड, पलवल रोड, अस्पताल रोड, बाईपास से तावड़ू रोड पर भी काफी जलभराव हुआ।