किंगडम ऑफ ड्रीम्स के पास खून से लथपथ शव मिला था
आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को सुलझाया
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-29 स्थित किंगडम ऑफ ड्रीम्स के पास बुधवार को पत्थर मारकर युवक की हत्या करने के आरोपी को गिरफ्तार करके पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को सुलझा दिया है। गिरफ्तार हुए आरोपी की पहचान राजस्थान के जिला अलवर के चावंडी खुर्द गांव निवासी सुभाष के रूप में हुई है। ऑटो एसोसिएशन के प्रधानी का चुनाव न लड़ने देने पर हत्या की गई थी।
ईआरवी टीम के इंचार्ज की शिकायत पर सेक्टर-29 थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया था। बुधवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि किंगडम ऑफ ड्रीम्स के पास खून से लथपथ एक युवक का शव पड़ा हुआ है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस जांच में मृतक की पहचान अर्जुन नगर निवासी गौरव के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने बृहस्पतिवार को आरोपी सुभाष को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि गुरुग्राम में ऑटो चलाने का काम करता था।
मृतक भी ऑटो चलाता था। आरोपी ने बताया कि गौरव ने ऑटो एसोसिएशन में प्रधानी का चुनाव नहीं लड़ने दिया था। इसकी रंजिश रखते हुए उसे मारने की फिराक में था। मंगलवार देर रात को जब गौरव इसे इफको मेट्रो स्टेशन पर मिला तो यह उसको अपने ऑटो में बैठाकर किंगडम ऑफ ड्रीम्स सेक्टर-29 के पास ले आया। वहां पर उसने पत्थर से चोट मारकर उसकी हत्या कर दी थी।