बोर्ड ने अंक सुधारने के लिए छात्रों को दिया अवसर
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (एचबीएसई) ने छात्रों को राहत देते हुए सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी परीक्षा में अंक सुधार का मौका दिया है। जो विद्यार्थी फरवरी-मार्च 2026 की परीक्षा के परिणाम से संतुष्ट नहीं हैं, वे अब दोबारा परीक्षा दे सकते हैं। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार के अनुसार, इच्छुक छात्र 10 अप्रैल तक बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। छात्र अधिकतम तीन विषयों में दोबारा परीक्षा दे सकेंगे, जिसके लिए 1000 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि जो छात्र किसी विशेष कारण जैसे बीमारी, चोट या खेल प्रतियोगिता के चलते परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए, उन्हें जरूरी दस्तावेजों के साथ बोर्ड कार्यालय में आवेदन करना होगा। वहीं, जो छात्र सभी विषयों की परीक्षा में अनुपस्थित रहे, उन्हें दोबारा मौका नहीं मिलेगा। इस फैसले से छात्रों को अपने अंकों में सुधार करने और बेहतर परिणाम हासिल करने का एक और अवसर मिलेगा।