सरकार और प्रशासन पर चुप्पी साधने का आरोप, कहा-युवाओं का शोषण अब बर्दाश्त नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया के नेतृत्व में बुधवार को गुरुग्राम स्थित इंडिगो एयरलाइंस के ऑफिस के बाहर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन पर चुप्पी साधे रखने का आरोप लगाया और कहा कि जब सिस्टम अन्याय पर खामोश हो जाता है तो युवाओं की आवाज दफ्तरों के दरवाजे हिला देती है।
इंडिगो से जुड़े एक मामले में कथित मनमानी, शोषण और प्रशासनिक असमानता का मुद्दा उठाते हुए युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार्यालय का घेराव किया और नारेबाजी की। प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया ने कहा कि युवा अब अन्याय के खिलाफ सड़क पर उतर चुका है और किसी भी कीमत पर चुप नहीं बैठेगा। इस मौके पर बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे जिन्होंने निश्चित कटारिया के नेतृत्व में अपनी मांगों को मजबूती से उठाया। इस मौके पर मुख्य तौर पर प्रियंका चंदेलिया, चितवन गोदारा, अभिषेक यादव, आर्यन, गौतम यादव शिव प्रताप और विक्रम कटारिया आदि मौजूद रहे।