महीनों से सीवर ओवरफ्लो की समस्या, गर्भवतियों को उठानी पड़ रही ज्यादा परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सूरत नगर स्थित मुख्य रोड की गलियों में सीवर का पानी महीनों से ओवरफ्लो हो रहा है। इस कारण डिस्पेंसरी के बाहर भी सीवर का पानी जमा है, जिससे मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इलाके की डिस्पेंसरी के बाहर सीवर का पानी भरा होने से डिस्पेंसरी में पहुंचने वाली गर्भवतियों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। स्थानीय निवासी कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया। यह समस्या लगभग एक साल से बनी हुई है।
लोगों का कहना है कि पार्षद सुलेखा चौहान को कई बार अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद क्षेत्र की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कई बार गुरुग्राम के उपायुक्त और निगमायुक्त को भी शिकायत भेजी जा चुकी है, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।
हमने पार्षद से लेकर नगर निगम तक कई बार शिकायत की लेकिन बावजूद इसके समस्या का कोई समाधान नहीं हो रहा है। बार-बार प्रयास के बावजूद अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे, जिससे स्थानीय लोग परेशान हैं और उनकी परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही है। - रामवती, निवासी, सूरत नगर
डिस्पेंसरी पर इलाज के लिए रोजाना कई महिलाएं आती हैं, लेकिन सीवर का पानी भरा होने के कारण उन्हें अत्यधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। गंदगी और बदबू से स्वास्थ्य जोखिम बढ़ते हैं और महिलाओं के लिए सुविधा पूरी तरह प्रभावित हो रही है। - रेश्मा, निवासी, सूरत नगर
सूरत नगर में मेन सीवर लाइन डाली जा रही है। कार्य पूरा होने के बाद अगले 15-20 दिन में सीवर ओवरफ्लो की समस्या खत्म हो जाएगी। इससे इलाके में गंदगी और बदबू की समस्या से स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी। - सतिंद्र, जेई, सूरत नगर फेज-1