आज भी हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। मंगलवार सुबह तेज धूप और उमस के बाद दोपहर को मौसम ने अचानक करवट लिया। करीब दो बजे आंधी चलने लगी, जिससे शहर के कई क्षेत्रों में दृश्यता कम हो गई और यातायात प्रभावित हुआ। धूल के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार आंधी के दौरान हवाओं की गति लगभग 35 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने की सूचना मिली, जिससे कुछ मार्गों पर आवागमन अस्थायी रूप से बाधित रहा। जिले में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में 3.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। आंधी के तुरंत बाद हुई तेज बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि निचले इलाकों में हल्का जलभराव भी देखने को मिला। बारिश के बाद तापमान में कमी आने से मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग ने बुधवार को भी हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मंगलवार दोपहर आई तेज आंधी और बारिश का असर बिजली व्यवस्था पर भी देखने को मिला। जिले के कई क्षेत्रों में पेड़ों की टहनियां बिजली लाइनों पर गिरने से आपूर्ति बाधित हो गई। अशोक विहार, शीतला कॉलोनी, सेक्टर-14, 15, 4, 5, 7 समेत शिवाजी नगर समेत अन्य इलाकों में बिजली बाधित हो गई। इसके कारण कुछ इलाकों में करीब एक से डेढ़ घंटे तक बिजली गुल रही। बिजली विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य किया।