सेक्टर-37डी स्थित आईएलडी ग्रैंड सोसाइटी का मामला, प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-37डी स्थित आईएलडी ग्रैंड सोसाइटी की 12वीं मंजिल पर फ्लैट की खिड़की में गोली लगने का मामला सामने आया है। बताया गया है कि वहां से गुजर रही बरात में हर्ष फायरिंग हो रही थी। इसी दौरान एक गोली ऊपर के फ्लैट में खिड़की में लगी। गनीमत यह रही कि उस समय खिड़की आसपास कोई मौजूद नहीं था। पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर-10ए थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फायरिंग की सूचना पर सेक्टर-10ए थाने से टीम मौके पर पहुंची। उसके बाद जांच के लिए फॉरेसिंक टीम और अपराध शाखा की टीम ने भी मौके पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाए।
पीड़ित सुरप्रीत की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। फ्लैट मालिक सुप्रीत पेशे से आईटी कंपनी में इंजीनियर हैं। सोसाइटी के फ्लैट में परिवार के साथ रहते हैं। गोली बालकनी के शीशे में लगने के बाद वह घबरा गए थे। बृहस्पतिवार रात को एक बारात सेक्टर-37डी स्थित आईएलडी ग्रांड सोसाइटी के बाहर सड़क से गुजर रही थी। बारात में कुछ लोग हर्ष फायरिंग कर रहे थे। तभी रात साढ़े दस बजे के करीब बरात में हुई हर्ष फायरिंग में एक गोली सोसाइटी के सी-टावर में 12वीं मंजिल पर बने फ्लैट की बालकनी के शीशे पर आकर लगी। गोली लगते ही कांच टूट गया और गोली के आगे का हिस्सा फ्लैट के अंदर जाकर गिरा। इस घटना में फ्लैट के अंदर रह रहा परिवार बाल-बाल बच गया। गोली चलने और शीशा टूटने की तेज आवाज सुनकर आस-पास के फ्लैटों में रहने वाले लोग दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही सोसाइटी के सुरक्षाकर्मियों ने मौके का मुआयना किया।
पार्षद की भांजी की थी बरात
पार्षद की बेटी की शादी बृहस्पतिवार को दौलताबाद के युवक से होनी थी, लेकिन बेटी के मना कर दिया था। उन्होंने अपने पिता पार्षद नरेश कटारिया पर आरोप लगाया है कि उन्हें घर पर बंधक बनाया हुआ है। पुलिस ने युवती की शिकायत पर मामला दर्ज करते हुए उन्हें सेफ हाउस में रखा हुआ है। बताया जा रहा है पार्षद ने अपनी भांजी से उस युवक की शादी कराई । उसी बारात में हर्ष फायरिंग के दौरान गोली फ्लैट की खिड़की में लगी है।
फ्लैट मालिक की शिकायत पर सेक्टर-10 ए थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।- संदीप, पुलिस प्रवक्ता