बहुराष्ट्रीय कंपनी की अधिकारी से मेट्रो में छेड़छाड़
गुरुग्राम। दिल्ली से मेट्रो में गुरुग्राम आ रही एक बहुराष्ट्रीय कंपनी की वरिष्ठ अधिकारी से छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। इसकी शिकायत पीड़िता ने बृहस्पतिवार देर शाम मेट्रो थाना पुलिस को देकर मामला दर्ज करवाया। आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को उसे अदालत में पेश किया गया जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया।
मेट्रो थाना प्रभारी निरीक्षक बिजेंद्र हुड्डा ने बताया कि बहुराष्ट्रीय कंपनी की अधिकारी दिल्ली से मेट्रो में गुरुग्राम में एक मीटिंग के लिए आई थी। मेट्रो के जिस कोच में वह सफर कर रही थीं, उसी में गुरुग्राम का ऑटो चालक चरखी दादरी निवासी नितिन भी सफर कर रहा था। सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन के पास पहुंचते ही नितिन ने महिला अधिकारी से छेड़छाड़ करनी शुरू कर दी। पहले तो पीड़िता ने उसे नरजअंदाज कर दिया, लेकिन आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और दोबारा पीड़िता से छेड़छाड़ करने लगा। इस पर पीड़िता ने हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन पर उतरते ही पुलिस को इसकी सूचना देकर आरोपी को स्टेशन से ही काबू करवा दिया।