- चौथी गुरुग्राम कप ताइक्वांडो चैंपियनशिप में करीब 300 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। चौथी गुरुग्राम कप ताइक्वांडो चैंपियनशिप में करीब 300 खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु और भार वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में गट्स ताइक्वांडो अकादमी ने सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम की। इनविजिबल ताइक्वांडो अकादमी दूसरे, एलीट वॉरियर्स ताइक्वांडो अकादमी तीसरे और ईकेएम ताइक्वांडो अकादमी चौथे स्थान पर रही।
गट्स ताइक्वांडो अकादमी के खिलाड़ियों ने अलग-अलग वर्गों में चार स्वर्ण और पांच रजत पदक जीते। सीनियर वर्ग में अभिषेक डागर ने स्वर्ण पदक हासिल किया। जूनियर वर्ग में भावना ने स्वर्ण, जबकि धवन और जसंत सिंह ने रजत पदक जीते। कैडेट वर्ग में वेदांत और गुरबाज ने स्वर्ण जीते। इसी वर्ग में कियान, पुलकित और अर्शबीर ने रजत हासिल किए। सभी स्वर्ण विजेताओं का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है।
इनविजिबल ताइक्वांडो अकादमी के खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। जूनियर वर्ग में गविश, कैडेट वर्ग में नक्षत्र और सीनियर वर्ग में देव ने स्वर्ण पदक जीते। जूनियर बालिका वर्ग में रिया ने कांस्य पदक हासिल किया। वहीं, एलीट वॉरियर्स ताइक्वांडो अकादमी के सीनियर वर्ग में रोहित ने स्वर्ण और मुनीम ने रजत पदक जीता।
ईकेएम ताइक्वांडो अकादमी के खिलाड़ियों ने कुल छह स्वर्ण पदक जीतकर चौथा स्थान हासिल किया। क्योरुगी (फाइट) स्पर्धा के बालिका वर्ग में धृति ठकरान ने अंडर-45 किलोग्राम, हर्ष रॉय ने अंडर-11 बालक वर्ग, अद्वय भदादा ने अंडर-26 किलोग्राम, अलीशा महाजन ने अंडर-29 किलोग्राम और लक्षित यादव ने अंडर-51 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण जीता। पूमसे के युगल वर्ग में अव्युक्ता विश्वकर्मा और इडिका रस्तोगी की जोड़ी ने स्वर्ण हासिल किया।