संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। पानीपत में आयोजित एसजीएफआई राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में गुरुग्राम की अंडर-17 और अंडर-19 बालक टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया। अंडर-17 वर्ग में गुरुग्राम की टीम ने सेमीफाइनल मुकाबले में फरीदाबाद के खिलाफ कड़ा संघर्ष किया। निर्धारित समय में मैच 2-2 की बराबरी पर खत्म हुआ लेकिन पेनाल्टी शूटआउट में गुरुग्राम को 2-4 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद तीसरे स्थान के लिए खेले गए मैच में गुरुग्राम ने शानदार वापसी करते हुए भिवानी को 2-1 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया।
वहीं, अंडर-19 वर्ग में भी गुरुग्राम ने दमदार खेल दिखाया। सेमीफाइनल में सोनीपत के खिलाफ मैच बराबरी पर रहा। इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट में गुरुग्राम 3-4 से हार गया। तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में गुरुग्राम ने कुरुक्षेत्र को 1-0 से मात देकर कांस्य पदक जीता। गुरुग्राम जिला शिक्षा विभाग के खेल अधिकारियों ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों और कोचों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।