स्कूल में चल रहा था नया निर्माण
ये हादसा शुक्रवार दोपहर लगभग 3 बजे हुआ। डीएलएफ फेज-2 में वसंत वैली स्कूल में पुरानी बिल्डिंग के बाद अब स्कूल का विस्तार हो रहा है और यहां नया निर्माण कार्य चल रहा है। इसी के तहत पुरानी बिल्डिंग में बनी 9 इंची की 8 फुट ऊंची दीवार को तोड़कर भी नए सिरे से बनाया जाना है। शुक्रवार को यूपी के मेरठ जनपद के शाहजहांपुर के किठौर गांव से सूरज, दयानंद व इनके 4 अन्य साथी भी यहां काम करने आए थे। सभी को स्कूल परिसर में पुराने पेड़ बदलकर नए पड़े लगाने थे। शुक्रवार को सुबह से हो रही बारिश के चलते ये स्कूल के पुराने भवन में 9 इंची वाली दीवार के पास बैठकर आराम कर रहे थे। इसी दौरान ये दीवार अचानक से गिर गई और सूरज व दयानंद इसके नीचे दब गए। अन्य साथियों ने इन्हें बचाने का प्रयास किया लेकिन मौके पर ही दोनों ने दम तोड़ दिया।
पुलिस को मजदूरों के परिवार आने का इंतजार
स्कूल में हादसे की सूचना के बाद डीएलएफ फेज-2 थाना से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मौके पर दोनों लोग मृत मिले। पुलिस ने मौके पर जांच शुरू की। मौके पर न तो बारिश के चलते जलभराव था और न ही कोई खुदाई की गई थी। दोनों मृतकों की पहचान कर पुलिस ने मेरठ में इनके परिजनों को सूचना दी। दोनों मृतकों के शवों को पुलिस ने मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि मृतकों के परिवार के आने का इंतजार किया जा रहा है। उनके बयान के आधार पर टीम आगे की कार्रवाई कर रही है।