मोनू मानेसर ने पुलिस को बताया कि उन्हें अपने साथी से सूचना मिली थी कि पटौदी के वार्ड-9 निवासी राकेश को सिक्कू, डोली व गंठी नामक व्यक्ति पिछले कुछ दिनों से परेशान कर रहे हैं। सोमवार रात करीब नौ बजे वह उनके घर पहुंचे थे।
जब वह अपने साथियों के साथ परिवार के सदस्यों से बात कर रहे थे, इसी दौरान करीब 200 लोगों की भीड़ ने घर पर पथराव करना शुरू कर दिया। जब उन्होंने घर की खिड़की से बाहर देखा तो कुछ लोग बंदूक दिखाकर गाली-गलौज कर रहे थे।
भीड़ ने घर के बाहर खड़ी गाड़ियों में भी तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी। घटनास्थल पर आए बजरंग दल के सदस्यों के साथ भी भीड़ ने मारपीट की। शिकायतकर्ता का आरोप है कि गाड़ी में तोड़फोड़ के दौरान भीड़ ने गाड़ी में रखे तीन लाख रुपये भी निकाल लिए थे।
दूसरे पक्ष की तरफ से वार्ड-9 निवासी मुबीन खान ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा मोहिन सोमवार रात को नौ बजे परचून की दुकान पर सामान लेने के लिए गए था। रास्ते में दो पक्षों में झगड़ा चल रहा था। झगड़े के दौरान किसी ने बेटे को गोली मार दी। बेटे को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
दूसरे धर्म में की शादी तो हो गया बवाल
30 जनवरी को वार्ड-11 निवासी हनीफ ने पटौदी थाना में अपनी बेटी की गुमशुदगी का मामला दर्ज करवाया था। शुक्रवार को पता चला कि युवती ने अपनी मर्जी से शादी कर ली है। इसके बाद एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के लोगों को फोन कर जातिसूचक शब्दों को इस्तेमाल किया था। इसके बाद विवाद बढ़ गया है। - प्रीतपाल सिंह सांगवान, एसीपी क्राइम