दूसरे चरण में सेक्टर नौ से साइबर सिटी तक होना है मेट्रो का निर्माण
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। दूसरे चरण के मेट्रो निर्माण में सेक्टर-22 और कृष्णा चौक मेट्रो स्टेशन की डिजाइन को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इन स्टेशनों का डिजाइन अब डबल डेकर कॉरिडोर के अनुसार तैयार की जा रही है। दूसरे चरण में सेक्टर नौ से साबर सिटी तक मेट्रो का निर्माण किया जाना है।
जीएमआरएल के अनुसार, पहले कृष्णा चौक (बजघेड़ा चौक) पर अंडरपास निर्माण की योजना थी। हालांकि मेट्रो कॉरिडोर को फाइनल करते समय जीएमआरएल ने पाया कि यहां पर डबल डेकर कॉरिडोर उपयुक्त होगा। ऐसे में अब यहां पर मेट्रो स्टेशन की डिजाइन इसी अनुसार तैयार की जा रही है। कृष्णा चौक के पास मेट्रो स्टेशन का निर्माण किया जाना है। दूसरा गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण ओल्ड दिल्ली रोड को एलिवेटेड निर्माण की योजना रखता है। ऐसे में सेक्टर 22 मेट्रो का निर्माण भी इसी अनुसार किया जाएगा।
जीएमआरएल अब बदले प्लान के अनुसार दोनों स्टेशनों की स्ट्रक्चरल डिजाइन को फाइनल कर रहा है। डबल डेकर कॉरिडोर में पहले मंजिल में वाहन और दूसरे पर मेट्रो का संचालन किया जाएगा। बता दें कि गुरुग्राम मेट्रो परियोजना में मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से साइबर सिटी तक मेट्रो का निर्माण किया जाना है। पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर-9 तक और द्वारका एक्सप्रेसवे सेक्टर 101 तक स्पर का निर्माण कार्य चल रहा है। अब दूसरे चरण में सेक्टर-9 से साइबर सिटी और सेक्टर-5 से गुरुग्राम रेलवे स्टेशन तक मेट्रो का निर्माण कार्य होना है। दूसरे चरण में सेक्टर-9, सेक्टर 7, सेक्टर 4, सेक्टर-5, अशोक विहार, सेक्टर-3, बजघेड़ा रोड, पालम विहार एक्सटेंशन, पालम विहार, सेक्टर-23 ए, सेक्टर-22, उद्योग विहार फेज-4, उद्योग विहार फेज-5 व साइबर सिटी शामिल है।