पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर-9 तक चल रहा निर्माण कार्य
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मेट्रो डिपो व वर्कशॉप निर्माण के लिए तीन कंपनियां आगे आईं हैं। इनके दस्तावेजों की जांच की जा रही है। गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) ने सेक्टर-33 में मेट्रो डिपो व वर्कशॉप निर्माण के लिए 409.78 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया था।
जीएमआरएल पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर-9 तक मेट्रो निर्माण करा रहा है। नेताजी सुभाष मार्ग पर पिलर निर्माण का कार्य चल रहा है। योजना के अनुसार पहले चरण में सेक्टर-33 में 41 एकड़ क्षेत्र में मेट्रो डिपो का निर्माण होना है। जीएमआरएल ने पांच मार्च को सेक्टर-33 में गुरुग्राम मेट्रो के एलिवेटेड कॉरिडोर के लिए सिविल और आर्किटेक्चर कार्य सहित डिपो-कम-वर्कशॉप निर्माण का टेंडर जारी किया था। इसे 30 अप्रैल को खोला गया। जीएमआरएल के अनुसार इरकॉन इंटरनेशनल, आरवीएनएल और दिलीप बिल्डकॉन ने डिपो निर्माण के लिए बिड भरी है। तीनों कंपनियों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है। इसके बाद फाइनेंशियल बिड खोली जाएगी। कार्य आवंटित होने के बाद एजेंसी को 21 माह में निर्माण कार्य पूरा करना होगा।
डिपो में मेट्रो ट्रेनों की पार्किंग, मेंटेनेंस, संचालन और प्रबंधन किया जाएगा। इसमें वर्कशॉप शेड बनाया जाएगा, जहां ट्रेनों की सर्विसिंग, रिपेयर और निरीक्षण कार्य होगा। इसके अलावा लाइट और हेवी मेंटेनेंस बे, अंडरफ्लोर व्हील लैथ, एमसीसी रूम/इलेक्ट्रिकल वर्कशॉप, ट्रेन पार्किंग सुविधाएं, वॉशिंग लाइन, निरीक्षण एवं टेस्टिंग जोन, सिग्नल और टेलीकॉम रूम समेत अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसी के तहत डिपो में भवन और अन्य ढांचों का निर्माण किया जाएगा। बतादें कि ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो परियोजना के पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर, सेक्टर-45, साइबर पार्क, सेक्टर-47, सुभाष चौक, सेक्टर-48, सेक्टर-72ए, हीरो होंडा चौक, उद्योग विहार फेज-6, सेक्टर-10, सेक्टर-37, बसई गांव और सेक्टर-9 में स्टेशन बनाए जाएंगे। बसई से सेक्टर-101 तक एक स्पर लाइन और डिपो का निर्माण भी होगा। इसी चरण में सेक्टर-5 से गुरुग्राम रेलवे स्टेशन को भी जोड़ा जाएगा।
सेक्टर-9 से साइबर सिटी तक का जल्द जारी होगा टेंडर
जीएमआरएल दूसरे चरण के मेट्रो निर्माण के लिए जल्द टेंडर जारी करेगा। 14 मेट्रो स्टेशनों के सिविल कार्य के लिए स्ट्रक्चरल डिजाइन तैयार हो चुकी है। जीएमआरएल के अनुसार दूसरे चरण में सेक्टर-9 से साइबर सिटी कॉरिडोर और सेक्टर-5 से गुरुग्राम रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाली स्पर लाइन शामिल है। इसके अलावा मेट्रो के साथ एक अंडरपास का भी निर्माण किया जाएगा। इसमें कुछ सड़कों पर सेंट्रल वर्ज नहीं होने से जमीन की पैमाइश कराई जा रही है।