गुरुग्राम। पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण केंद्र ई-संचयन का सातवां भाग तैयार कर लिया है। बृहस्पतिवार को डाइट की विशेषज्ञों की टीम ने सातवें भाग को प्रकाशित कराया व बैठक भी आयोजित की। इस पुस्तक में पहली से आठवीं के दिसंबर माह पाठ्यक्रम के प्रश्न व उनके हल दिए गए हैं। विद्यार्थियों को यह ऑनलाइन भेजा जा रहा है।
विशेषज्ञ आरके पूनिया ने बताया कि इसमें सभी पाठों से अधिक से अधिक सवालों को तैयार किया गया है। ई-लर्निंग को नई दिशा देने के लिए डाइट के चयनित प्रवक्ताओं और जिले के चयनित शिक्षकों ने इसे तैयार किया है। इस ई-पुस्तक में कक्षावार व विषय वार सवाल और उनके हल दिए गए हैं। इस ई-पुस्तक में सैट (मूल्यांकन परीक्षाओं) के पैटर्न के अनुकूल वस्तुनिष्ठ प्रश्नों को संकलित किया गया है। जल्द ही शिक्षा विभाग द्वारा स्कूलों में मूल्यांकन परीक्षाएं कराई जाएंगी। विद्यार्थी इस पुस्तक से अध्ययन कर सकेंगे।
इस पुस्तक को डाइट की प्राचार्य शशिबाला के निर्देशन में विशेषज्ञ समूह सवीना जोशी, राम किशोर पूनिया, सुशीला धनखड़, दीपिका गाविल, रितु और अन्य द्वारा बनाया गया है। इस पुस्तक में विद्यार्थी के स्व मूल्यांकन के लिए लिंक भी दिया गया है। पुस्तक के अंत में विषयवार और कक्षावार टेस्ट लिंक को विद्यार्थी खोल सकते हैं। जहां विद्यार्थी परीक्षा देकर खुद का मूल्यांकन कर सकेंगे। ई संचयन पुस्तक को ऑनलाइन ग्रुप में भेजा जा रहा है।