राज्य स्तरीय पुलिस प्रतियोगिता में जीत हासिल की
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हरियाणा पुलिस वॉलीबॉल खेल प्रतियोगिता-2026 में गुरुग्राम-फरीदाबाद पुलिस की पुरुष एवं महिला दोनों संयुक्त टीमों ने रजत पदक हासिल किया। ये प्रतियोगिता हरियाणा पुलिस द्वारा 20 व 21 जुलाई को मधुबन में आयोजित की गई। गुरुग्राम पुलिस आयुक्त शिबास कविराज ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगी स्टाॅफ को इस उपलब्धि पर बधाई दी।
पुलिस आयुक्त ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों व सहयोग स्टॉफ को कहा कि खिलाड़ियों की यह सफलता पूरे गुरुग्राम पुलिस परिवार के लिए गर्व की बात है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी गुरुग्राम पुलिस के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले एवं हरियाणा पुलिस का नाम रोशन करेंगे। यह प्रतियोगिता हरियाणा पुलिस के विभिन्न जिलों एवं इकाइयों की टीमों के बीच आयोजित की गई। इसमें गुरुग्राम/फरीदाबाद पुलिस के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना, अनुशासन एवं टीमवर्क का परिचय देते हुए फाइनल तक का सफर तय किया और दोनों वर्गों में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
गुरुग्राम/फरीदाबाद टीम की ओर से पुरुष वॉलीबॉल टीम में एएसआई सतीश (कोच) एसआई संजय, ई/एचसी नरेश, कांस्टेबल मनदीप सिंह, कांस्टेबल राहुल, कांस्टेबल संदीप, कांस्टेबल अविनाश, कांस्टेबल रमेश, कांस्टेबल अरुण कुमार, कांस्टेबल जयपाल, कांस्टेबल सुनील, कांस्टेबल कुलदीप शामिल रहे। महिला वॉलीबॉल टीम में एसआई अल्पना, एएसआई गीता, एएसआई सुनीता, एएसआई मोनिका, एएसआई कविता, एएसआई सोनिका, एएसआई मीना, एएसआई मोनिका, एएसआई सुमन, एचसी गीता, एचसी सुमन, एचसी इंदु बाला ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता के सफल समापन के बाद खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर आगामी ऑल इंडिया पुलिस गेम्स एवं अन्य प्रतियोगिताओं के लिए गुरुग्राम पुलिस के 04 खिलाड़ियों का चयन किया गया।