अवैध शराब की बिक्री पर रोक के लिए सोशल मीडिया द्वारा निगरानी
लॉकडाउन के दौरान शराब बिक्री की पाबंदी के बाद भी शहर में बिक रही शराब की रोकथाम के लिए आबकारी विभाग ने जगह-जगह छापे मारने शुरू कर दिए हैं। आबकारी विभाग की टीम ने नए गुरुग्राम में शामिल काफी जगहों पर शुक्रवार को छापा मारा। इस दौरान काफी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है। वहीं साथ लगते जिलों से कनेक्शन जुड़े होने के कारण बहादुरगढ़ व झज्जर में भी छापा मारा गया। सोशल मीडिया पर भी टीम ने निगरानी करनी शुरू कर दी है।
आबकारी विभाग जगह-जगह मारा छापा
अमर उजाला ने 14 अप्रैल को व्हाट्सएप के माध्यम से हो रही शराब की होम डिलीवरी शीर्षक से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिसके बाद आबकारी विभाग हरकत में आया और छापे मारने की कार्रवाई शुरू की। आबकारी विभाग के निरीक्षक सोमदत्त यादव ने बताया कि नए गुरुग्राम क्षेत्र में शामिल कई गांव में टीम ने छापा मारा। इस दौरान काफी देसी व अंग्रेजी शराब को जब्त किया गया है। विभाग ने गांव चक्करपुर, सिकंदरपुर, घाटा, ग्वाल पहाड़ी इसके अलावा कई जगहों पर भी छापा मारा।
चोरी के डर से विभाग ने 22 ठेकों को कराया खाली
शराब बिक्री की पाबंदी के बाद काफी जगहों पर ठेकों के ताले तोड़कर चोरी होने की सूचना के बाद विभाग ने अपने शराब के ठेकों को खाली करना शुरू कर दिया है। शुक्रवार तक शहर के करीब 22 ठेकों की शराब गोदामों में रखवा दी गई।