समाजसेवी कमल छाबड़ी ने भवन निर्माण के लिए 72 लाख रुपये का दिया चंदा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। सोहना कस्बे के वार्ड नंबर-19 में नागरिक अस्पताल के निकट जल्द ही गुर्जर भवन का निर्माण होगा। इसके लिए समाज ने भूमि खरीद कर ली है। भवन निर्माण के लिए समाज के लोग चंदा एकत्रित करने में जुटे हुए हैं। रविवार को समाजसेवी कमल छाबड़ी ने भवन निर्माण के लिए निजी कोष से 72 लाख रुपये की राशि चंदा के रूप में दी।
उक्त भवन निर्माण के लिए समिति के सदस्य काफी समय से प्रयासरत हैं। इसमें समिति प्रधान अनंतराम तंवर, प्रताप खटाना, विजय खटाना, बिरजू, बलबीर सिंह गबदा, बुलेश कुमार, महेश, पूर्व सरपंच बीसी खटाना आदि शामिल रहे। उक्त राशि समाजसेवी कमल छाबड़ी ने अपनी माता संतरा देवी के हाथों दिलवाई। कमल ने कहा कि समाज से बड़ा कुछ भी नहीं होता है। लोगों को समाज के कार्यों के प्रति समर्पित रहना चाहिए। भवन निर्माण में पैसे की कमी नहीं रहने दी जाएगी। समिति प्रधान अनंतराम तंवर ने कहा कि जल्द ही भवन का निर्माण शुरू करा दिया जाएगा।