कोर्ट आदेश की धज्जियां: तार फेंसिंग तोड़ी, स्टोरेज शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी।
तावड़ू। कोर्ट के आदेश और प्रशासन की कार्रवाई के बावजूद शहर में अवैध रूप से सब्जी मंडी फिर से सक्रिय होने लगी है। सब्जी मंडी स्थानांतरण के दौरान कोर्ट निर्देश पर की गई तार फेंसिंग को तोड़ दिया गया है। भारी वाहनों द्वारा दोबारा सब्जियों का स्टोरेज शुरू किया जा रहा है।
19 मई को ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की मौजूदगी में कोर्ट के आदेश पर अस्थाई सब्जी मंडी को स्थानांतरित कर स्थाई मंडी में शिफ्ट किया गया था। इसके बाद जहां अस्थाई मंडी लग रही थी, वहां तार फेंसिंग कर दी गई थी। लेकिन कुछ तथाकथित दबंगों ने खुलेआम इस फेंसिंग को तोड़ दिया। मंडी प्रशासन ने स्थानांतरण के बाद बिजली निगम को वहां के कनेक्शन काटने के निर्देश दिए थे, लेकिन बताया जा रहा है कि राजनीतिक हस्तक्षेप के चलते इन्हें फिर से चालू कर दिया गया है। अब न केवल बिजली का दुरुपयोग हो रहा है, बल्कि इससे अवैध व्यापार को भी बढ़ावा मिल रहा है।
जहां पहले फेंसिंग थी, वहां अब दिनभर भारी वाहन खड़े रहते हैं। नलकूप से लगातार पानी बह रहा है, जिससे पानी की बर्बादी हो रही है। स्टोरेज से उत्पन्न गंदगी के ढेरों ने फिर से सफाई व्यवस्था को चौपट कर दिया है। कई व्यापारियों ने आरोप लगाया है कि यह सब मंडी प्रशासन की मिलीभगत के बिना संभव नहीं है। इस पूरे विवाद पर मार्केट कमेटी के सचिव मनीष रोहिल्ला ने कहा कि मामला अब उनके संज्ञान में आया है और यदि कोर्ट आदेशों का उल्लंघन पाया गया तो जिम्मेदारों को नोटिस जारी किया जाएगा।