एमटेक, बीटेक व अन्य कई कोर्स के दूसरे, चौथे, छठे और आठवें सेमेस्टर के नतीजे घोषित
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। गुरुग्राम विश्वविद्यालय (जीयू) ने मई-जून 2025 में आयोजित विभिन्न स्नातक और स्नातकोत्तर परीक्षाओं का परिणाम घोषित कर दिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन के स्टूडेंट पोर्टल पर परीक्षा परिणामों को देखा जा सकता है। एमटेक, बीटेक और बैचलर ऑफ फार्मेसी के दूसरे, चौथे, छठे और आठवें सेमेस्टर के नतीजे अपलोड कर दिए गए हैं।
सहायक कुलसचिव ने बताया कि एमटेक (ईसीई) और एमटेक (सीएसई) के द्वितीय सेमेस्टर के साथ-साथ बैचलर ऑफ फार्मेसी द्वितीय सेमेस्टर का परिणाम घोषित किया गया है। इसके अतिरिक्त बीटेक (इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन) के चौथे और छठे सेमेस्टर, बीटेक (इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स) के चौथे, छठे और आठवें सेमेस्टर के नतीजे भी घोषित हुए हैं। इसी प्रकार बीटेक (कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग) चौथे सेमेस्टर तथा बीटेक (वीएलएसआई डिजाइन) के दूसरे, चौथे और छठे सेमेस्टर के विद्यार्थियों के परिणाम भी पोर्टल पर उपलब्ध करा दिए गए हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि सभी विद्यार्थी अपने रोल नंबर और विवरण दर्ज करके ऑनलाइन परिणाम देख सकते हैं। सहायक कुलसचिव (परीक्षा) ने छात्रों को सूचित किया है कि परिणाम केवल आधिकारिक पोर्टल पर ही उपलब्ध हैं और विद्यार्थियों से अपील की है कि वे समय रहते अपने परिणाम डाउनलोड कर लें। परिणाम से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए विद्यार्थी परीक्षा शाखा से संपर्क कर सकते हैं।