संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ के तहत आयोजित तीरंदाजी व ताइक्वांडो प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने पदक जीतने के लिए दमखम दिखाया। मंगलवार को ताइक्वांडो प्रतियोगिता में गुरुग्राम के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल किया है।
दोनों प्रतियोगिताओं में 22 जिलों से 924 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। बुधवार को खेल महाकुंभ की प्रतियोगिताओं का समापन होगा। जिला खेल अधिकारी ने बताया कि पुरुष वर्ग की ताइक्वांडो पोमशे इवेंट में गुरुग्राम ने पहला, अंबाला ने दूसरा व कैथल ने तीसरा स्थान हासिल किया। पोमशे ग्रुप इवेंट में अंबाला ने पहला, गुरुग्राम ने दूसरा व जींद ने तीसरा स्थान हासिल किया। महिला एकल में गुरुग्राम ने पहला, अंबाला ने दूसरा व जींद ने तीसरा स्थान और पुरुष एकल में गुरुग्राम ने पहला, पलवल ने दूसरा व अंबाला ने तीसरा स्थान हासिल किया।
उन्होंने बताया कि तीरंदाजी के रिकर्व राउंड के तहत महिला वर्ग में हिसार ने पहला, जींद ने दूसरा व फरीदाबाद ने तीसरा स्थान और पुरुष वर्ग में भिवानी ने पहला, हिसार ने दूसरा व रोहतक ने तीसरा स्थान हासिल किया। कम्पाउंड राउंड के तहत महिला वर्ग में गुरुग्राम ने पहला, जींद ने दूसरा व पलवल ने तीसरा स्थान और पुरुष वर्ग में फरीदाबाद ने पहला, नारनौल ने दूसरा व रोहतक ने तीसरा स्थान हासिल किया।