4 अगस्त को लगेंगी, सरकारी योजनाओं का लाभ हकदारों तक पहुंचाना उद्देश
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम जिला प्रशासन 4 अगस्त को आठ ग्राम पंचायतों में परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में दर्ज आय के सत्यापन के लिए ग्राम सभाएं आयोजित करेगा। इसका उद्देश्य आय सत्यापन प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रभावी बनाना है, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक हकदारों तक पहुंच सके। इन सभाओं में पात्र परिवारों की आय संबंधी जानकारी जांची जाएगी।
जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नवनीत कौर ने बताया कि यह आयोजन अतिरिक्त उपायुक्त के निर्देश पर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों के माध्यम से होगा। प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र परिवार इस प्रक्रिया से वंचित न रहे। प्रत्येक नागरिक को अपनी जानकारी प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। ग्राम सभाओं का आयोजन निर्धारित तिथि पर समयबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित किया जाए। ग्राम सभा से पहले संबंधित गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सूचना दी जाए। इससे अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सकेगी।
जिला प्रशासन के अनुसार, फर्रुखनगर खंड के पातली हाजीपुर गांव में सामान्य चौपाल में ग्राम सभा होगी। सुल्तानपुर गांव में रेलवे स्टेशन वाली चौपाल को आयोजन स्थल बनाया गया है। गुरुग्राम खंड के टीकली गांव में सामुदायिक केंद्र और साढराणा गांव में ब्राह्मण चौपाल में सभाएं होंगी। पटौदी खंड के बहोड़ा कलां गांव में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तथा सिधरावली गांव में पंचायत घर में ग्राम सभा होगी। सोहना खंड के घामड़ौज गांव में सामुदायिक केंद्र और रिठौज गांव में राजकीय विद्यालय में भी सभाएं होंगी।