लघु सचिवालय के सामने राजीव चौक पर कृषि कानून को लेकर धरना स्थल पर बैठकर प्रदर्शन करते हुए संयुक्त
- फोटो : Gurgaon
गुरुग्राम। किसानों की मांगों के समर्थन में शहर के राजीव चौक के पास गुरुग्राम के किसानों का धरना पिछले 64 दिनों से चल रहा है, जिसमें गुरुग्राम सहित क्षेत्र के आसपास के किसान भी पहुंचकर सरकार के नए कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं। अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे संयुक्त किसान मोर्चा गुरुग्राम के अध्यक्ष संतोख सिंह ने कहा कि सरकार किसानों को तंग करना बंद करें और उनकी समस्याओं को हल करे। सरकार किसान धरनों के आसपास बिजली काट रही है। पानी नहीं है। झूठे नोटिस दे रही है तथा झूठे केसों में फंसा रही है।
धरना में मौजूद किसानों को संबोधित करते हुए राव कमलबीर सिंह मिंटू ने कहा कि सभी वर्ग के लोगों को किसान आंदोलन के साथ जुड़ना चाहिए। काले कानूनों से किसान, गरीब व मजदूर सभी प्रभावित होंगे। इसलिए सबको एकजुट होकर किसान आंदोलन में सहयोग करना चाहिए। किसान ईश्वर सिंह ने कहा कि सरकार जानबूझकर आंदोलन को लंबा खींच रही है, ताकि किसान तंग आकर वापस अपने घर चले जाए और आंदोलन कमजोर पड़ जाए।
धरना स्थल पर मौजूद सभी किसानों ने कहा कि जब तक सरकार तीनों काले कानूनों को वापस नहीं ले लेगी, तब तक अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी रहेगा। सोमवार को डा. सारिका वर्मा, रेखा यादव, पंजाब सिंह, फूल कुमार, रमेश दलाल, मनोज झाड़सा, दलीप सिंह ठाकरान, दिलावर सिंह, योगेन्द्र सिंह, आकाशदीप, मनीष मक्कड़, हरिसिंह चौहान, तनवीर अहमद, मुकेश डागर, माइकल सैनी सहित काफी संख्या में किसान मौजूद रहे।