गुरुग्राम। गर्मी की छुट्टियों के दौरान सरकारी स्कूलों में मरम्मत और रखरखाव के कार्यों को पूरा करने लिए शिक्षा विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है। शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर सरकारी हाई और वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में आवश्यक मरम्मत, रखरखाव और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य जल्द पूरा कराने को कहा है।
विभाग के अनुसार जिन स्कूलों में भवनों की मरम्मत, पेयजल, शौचालय, बिजली या अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित कार्य लंबित हैं, उन्हें ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान पूरा किया जाएगा। एक लाख रुपये तक के छोटे मरम्मत कार्य उपलब्ध फंड से कराए जाएंगे, जबकि धनराशि की कमी होने पर संबंधित प्रस्ताव विभाग को भेजे जाएंगे। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवकाश के दौरान मुख्यालय स्तर के अधिकारी स्कूलों का औचक निरीक्षण भी करेंगे। निरीक्षण के दौरान स्कूलों में उपलब्ध सुविधाओं और चल रहे कार्यों की जांच की जाएगी। यदि किसी विद्यालय में लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित प्रधानाचार्य के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। संवाद