अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। कादीपुर क्षेत्र में मकान में बनाए गोदाम में शनिवार की शाम को अज्ञात कारणों से आग लग गई। मकान में आग लगने के बाद वहां मौजूद आठ लोग दूसरे घरों की छतों से होकर बाहर निकले। सूचना मिलने पर सेक्टर-10 थाने की पुलिस और फायर विभाग की 10 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल टीमों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने करीब चार लाख रुपये का सामान जल गया।
कादीपुर गांव के पास एक मकान में बने गोदाम में भूतल पर शनिवार की शाम को आग लग गई। आग लगते ही मकान के कमरों में चारों तरफ धुआं फैल गया। इस दौरान मकान के अंदर करीब 8 लोग मौजूद थे। आग व धुआं फैलने लगा तो वे लोग दूसरों के मकानों की छतों से होते हुए बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। मकान में आग लगने की सूचना मिलने पर सेक्टर-10 थाने की पुलिस और दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची। पुलिस ने मकान के आसपास एकत्रित लोगों को वहां से हटाया। दमकल टीमों ने पानी का छिड़काव करके मकान में रखे सामान में लगी आग को बुझाया।
आग बुझाने के लिए सेक्टर-37, सेक्टर-29, भीमनगर, मानेसर व उद्योग विहार फायर स्टेशन से 10 गाड़ियां आई थीं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। बताया जा रहा है कि गोदाम में रखा ग्रोसरी का सामान रखा था। इस घटना में करीब चार लाख रुपये सामान जल गया है।
सेक्टर-37 फायर स्टेशन से अधिकारी जय नारायण ने बताया कि मकान में रखे सामान में आग लगने की घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। स्टोर में रखा सामान पूरी तरह से जल गया। वहीं, आग लगने से मकान को भी काफी नुकसान हुआ है। जांच के बाद ही आग लगने के कारण का पता चल सकेगा।