गुरुग्राम। सुशासन का 10 प्रतिशत भाग ही नेताओं एवं राजनीतिक दल पर निर्भर करता है, जबकि सुशासन की 90 प्रतिशत सफलता अधिकारियों पर निर्भर करती है। ये बातें शुक्रवार को स्वतंत्रता सेनानी जिला परिषद भवन में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कही। यह कार्यक्रम राज्य सरकार की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस को ‘सुशासन दिवस’ के रूप में मनाये जाने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया।
बतौर मुख्य अतिथि राव ने कहा कि प्रदेश में सबसे बेहतरीन सुशासन की गुरुग्राम में जरूरत है, क्योंकि गुरुग्राम प्रदेश को 70 प्रतिशत राजस्व देता है और सुशासन में कमी होने से राज्य की आर्थिक व्यवस्था चरमरा जाएगी। इस कारण प्रदेश के सबसे समृद्ध इस शहर को देश का सबसे समृद्ध शहर बनाने की आवश्यकता है। इस कड़ी में अधिकारियों को ऐसा कार्य करना चाहिए जिससे उन्हें भावी पीढ़ी भी याद करें।
दूसरी ओर उन्होंने कहा कि गुरुग्राम की तुलना दिल्ली और नोएडा से होती है। दिल्ली में प्रदूषण ज्यादा होने के कारण अब लोग रहने के लिए दिल्ली और नोएडा की अपेक्षा गुरुग्राम को पसंद करते हैं। इस कारण लोगों का विश्वास गुरुग्राम में बनाए रखने के लिए हम सब की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में उन्होंने महामना मदन मोहन मालवीय व पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में मेयर मधु आजाद, भाजपा की जिला अध्यक्ष गार्गी कक्कड़, पब्लिक सेफ्टी, ग्रीवेंस और गुड गवर्नेंस एडवाइजर अनिल राव, मंडल आयुक्त राजीव रंजन, उपायुक्त अमित खत्री आदि उपस्थित थे। सुशासन दिवस के कार्यक्रम जिला के उपमंडल व तहसील स्तर पर भी आयोजित किए गए।
शिविर में 108 यूनिट रक्तदान किया
गुरुग्राम। भाजपा के युवा मोर्चा ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिवस ‘सुशासन दिवस’ के रूप में मनाया। उन्होंने सेक्टर-10ए स्थित जिला कार्यालय में रक्तदान शिविर लगाया। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह भी पहुंचे। इस दौरान भाजपा की जिला अध्यक्ष गार्गी कक्कड़ ने राव इंद्रजीत सिंह को तुलसी का पौधा भेंट करके स्वागत किया। शिविर में युवाओं ने लगभग 108 यूनिट रक्तदान किया। कार्यक्रम में विधायक संजय सिंह व सुधीर सिंगला, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी के अलावा भाजपा के पदाधिकारी महेेश यादव (काटर्रपुरी), मनीष गाडौली, अनिल यादव, अजीत यादव, समय सिंह भाटी, महेश चौहान, यशवीर राघव, यादराम जोया, सुरेन्द्र गहलोत, नीरज यादव, ब्रहम यादव, कुलदीप यादव, अनिल गंडास, शिव डागर आदि उपस्थित थे। ब्यूरो