कोच खरीदने के लिए तैयार किया जा रहा है टेंडर, पहले तीन कोच वाली मेट्रो चलेगी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) पहले चरण में करीब 84 कोच खरीदने की योजना तैयार कर रहा है। कोच लेने के लिए जल्द टेंडर जारी किया जाएगा। ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो परियोजना के पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर नौ तक निर्माण कार्य चल रहा है। सेक्टर-44 से पिलर निर्माण का कार्य चल रहा है और अब लोगों को पिलर दिखने शुरू हो जाएंगे। इसके साथ ही जीएमआरएल की ओर से कोच लेने की भी प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
इसके लिए टेंडर बनाने का काम तेजी से चल रहा है और जल्द ही इसे जारी किया जाएगा। योजना के शुरूआत में मेट्रो में तीन कोच होंगे जो बढ़ाकर छह तक किए जा सकते हैं। रूट पर मेट्रो 80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ेगी। जीएमआरएल के अनुसार, पीक आवर में मेट्रो दो-दो मिनट पर चलती हैं। पीक आवर के बाद 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक करीब 40 फीसदी ट्रेनें इंटर लाॅकिंग में खड़ी रहती हैं।
बता दें कि मिलेनियम सिटी मेट्रो स्टेशन, सेक्टर-45, साइबर पार्क, सेक्टर 47, सुभाष चौक, सेक्टर-48, सेक्टर-72 ए, हीरो होंडा चौक, उद्योग विहार फेज- 6, सेक्टर-10, सेक्टर-37, बसई गांव, सेक्टर-9, सेक्टर 7, सेक्टर 4, सेक्टर-5, अशोक विहार, सेक्टर-3, बजघेड़ा रोड, पालम विहार एक्सटेंशन, पालम विहार, सेक्टर-23ए, सेक्टर-22, उद्योग विहार फेज-4, उद्योग विहार फेज-5 व साइबर सिटी शामिल है। इसके अलावा बसई से सेक्टर 101 तक एक लाइन बनेगी। वहीं, सेक्टर पांच से गुुड़गांव रेलवे स्टेशन को जोड़ने की योजना है।