गुुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने संविदा पर रखे गए पांच सलाहकारों की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। वहीं, एक अधिकारी को उसके मूल विभाग में भेज दिया गया है। इससे पहले नगर निगम ने बड़े स्तर पर अपने यहां से सलाहकारों की सेवाएं समाप्त कर दी थी।
जीएमडीए ने काफी संख्या में सलाहकारों को रखा है जो संबंधित परियोजनाओं में सुझाव देते हैं। जीएमडीए के सीईओ श्यामल मिश्रा ने सलाहकारों के कार्यों की समीक्षा की, जिसके बाद पांच की सेवाएं समाप्त कर दी गईं। उक्त विनियम 8 के उप-विनियम (1) के अंतर्गत ऐसे लोगों का अनुबंध खंड 7(i) के अनुसार निरस्त कर दिया गया है।
जीएमडीए ने 5 व्यक्तियों की संविदात्मक नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं। इसमें अकाउंट ब्रांच से एसएम यादव व प्रयाग चंद्र पांडे, मोबिलिटी प्लानिंग के सलाहकार यशपाल सचदेवा, ताऊ देवीलाल स्टेडियम के सलाहकार सुनील भारद्वाज और गुरु शरण सिंह शामिल हैं। सीईओ ने अकाउंट ब्रांच में तीन नियमित कर्मचारी आने पर दोनों कर्मचारियों को हटा दिया है। जीएमडीए ने संपदा अधिकारी को भी उनके मूल विभाग में भेज दिया था। इससे पहले साल 2023 में तत्कालीन सीईओ ने सात सलाहकारों की सेवाएं समाप्त कर दी थीं। करीब एक माह पहले नगर निगम ने अपने यहां से बड़े स्तर पर सलाहकारों को बाहर कर दिया था। ब्यूरो