गुरुग्राम। गुरुग्राम मेट्रो पॉलिटिन डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीएमडीए) कोरोना काल के कारण अधूरे कामों को अगले वित्तीय वर्ष में तेजी से पूरा करेगी। इसके लिए मार्च में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बजट बैठक प्रस्तावित की गई है। इसके लिए बृहस्पतिवार को मुख्य कार्यकारी अधिकारी वीएस कुंडू ने सुबह से शाम तक कई दौर की अधीनस्थ अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें जीएमडीए के अलावा हुडा तथा अन्य विभागों के अधिकारी भी शामिल हुए।
जीएमडीए के प्लान के अनुसार मौजूदा वित्तीय वर्ष में करोना के कारण अधिकांश काम रुके हुए थे। उन्हें अगले वित्तीय वर्ष में तेजी से पूरा किया जाना है। साथ ही नए कार्यों को भी शामिल किया जाएगा। इनमें ड्रेनेज एवं वाटर सप्लाई सिस्टम की कई महत्वपूर्ण योजनाओं के साथ-साथ सड़कें, फ्लाई ओवर का निर्माण तथा विकास कार्य शामिल हैं। निर्माण में देरी होने के कारण उनकी लागत भी बढ़ने की जानकारी दी गई है। जिनका पहले परीक्षण होगा, उसी के बाद कोई फैसला होगा। अधूरे तथा नए प्रस्तावित कार्यों की इनकी विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी मुख्य अभियंता, स्मार्ट सिटी के सलाहकार सहित जीएमडीए तथा हुडा के अधिकारियों को सौंपी गयी है। जिसमें तकनीकी डिटेल के साथ-साथ प्रस्तावित लागत का भी जिक्र किया जाएगा। इन सभी की 20 फरवरी तक रिपोर्ट तैयार होने की संभावना है। उसी के बाद मार्च के महीने में सीएम की अध्यक्षता में जीएमडीए की बजट बैठक प्रस्तावित हो सकेगी।
जीएमडीए की पूरी कोशिश होगी कि अगले वित्तीय वर्ष यानी की अप्रैल से फरीदाबाद मेट्रोपोलिटिन डेवलपमेंट अथॉरिटी के काम फरीदाबाद से हो। जिससे कि वहां की प्लानिंग और विकास कार्य कराने में आसानी होगी। साथ ही तेजी से विकास तथा निर्माण कार्य हो सकेंगे। इसके लिए भी गुरुग्राम के इन्फ्रास्ट्क्चर विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। इसकी जिम्मेदारी इन्फ्रास्ट्रक्चर एडवाइजर एनडी वशिष्ठ को सौंपी गई है। इन दिनों वह जीएमडीए का साथ-साथ पीडब्लूडी, नगर निगम, हुडा सहित सभी विभागों से सामंजस्य करके फरीदाबाद के निर्माणाधीन कार्यों का विवरण तैयार करा रहे हैं। जिससे कि वहां के एसिड्स फरीदाबाद के प्रस्तावित कार्यालय तथा वहां के लिए तैनात अधिकारियों को सौंपे जा सकें। फिलहाल एफएमडीए के सभी कार्य जीएमडीए गुरुग्राम से ही किए जा रहे हैं। मार्च के महीने में प्रस्तावित बजट बैठक के लिए एक प्रस्ताव यह भी होगा।
कोट
कोराना के कारण विकास तथा निर्माण कार्यों पर प्रभाव पड़ा था। अब काम में तेजी लाई जा रही है। ताकि उन्हें समय से पूरा किया जा सके। बजट बैठक के लिए तैयारी की जा रही है। मार्च के महीने में बजट बैठक प्रस्तावित है।
- वीएस कुडू, सीआईओ, जीएमडीए