निवासियों का आरोप- तुरंत सुचना देने के बाद भी समय पर विभाग से कोई नहीं पहुंचा, जल की हुई बर्बादी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। द्वारका एक्सप्रेसवे स्थित सेक्टर-109 के पास बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की पानी की पाइपलाइन अचानक फट गई। पाइपलाइन फटने से आसपास के क्षेत्र में तेज़ी से पानी बहने लगा, जिससे सड़क पर जलभराव की स्थिति बन गई। इसके कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और यातायात भी प्रभावित हुआ।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दे दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद कई घंटों तक कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। इस दौरान लगातार पानी बहता रहा, जिससे बड़ी मात्रा में जल की बर्बादी हुई और लोगों में नाराजगी देखी गई। देर शाम करीब छह बजे के बाद जीएमडीए की टीम मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने सबसे पहले मुख्य वॉल को बंद कर पानी का बहाव रोका, ताकि और अधिक बर्बादी न हो सके। हालांकि, पाइपलाइन की मरम्मत का काम उसी समय पूरा नहीं हो पाया। अधिकारियों के अनुसार, पाइपलाइन कहां से फटी है टीम इसका पता लगा रही है। फिलहाल पानी का रिसाव रोक दिया गया है, लेकिन स्थायी समाधान के लिए आगे काम जारी है।