गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने न्यू गुरुग्राम में सीवरेज अवसंरचना को मजबूत करने और अपशिष्ट जल प्रबंधन को बेहतर बनाने की दिशा में अहम कदम उठाया है। प्राधिकरण ने सेक्टर-78 स्थित नौरंगपुर में 40 एमएलडी क्षमता वाले नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के निर्माण के लिए टेंडर जारी किया है। इस परियोजना पर लगभग 75 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
प्लांट का निर्माण 2.89 एकड़ भूमि पर किया जाएगा और कार्य 24 माह के भीतर इसे पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। यह प्रस्तावित एसटीपी सेक्टर-77, 78, 79 और 80 सहित आसपास के गांवों से निकलने वाले सीवेज के उपचार में सक्षम होगा। इससे तेजी से विकसित हो रहे न्यू गुरुग्राम क्षेत्र में सीवरेज नेटवर्क और अपशिष्ट जल उपचार क्षमता में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है।
जीएमडीए अधिकारियों के अनुसार यह परियोजना बढ़ती आबादी और शहरी विस्तार को ध्यान में रखते हुए आधुनिक शहरी अवसंरचना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। संवाद