खांडसा रोड, महावीर चौक, अग्रसेन चौक और बस स्टैंड रोड को किया गया अतिक्रमण मुक्त
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) और नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) ने संयुक्त रूप से खांडसा रोड से 75 से अधिक अवैध सब्जी के ठेले और महावीर चौक, अग्रसेन चौक व बस स्टैंड रोड से 14 से अधिक अवैध ठेले हटाए। जीएमडीए इन क्षेत्रों में भारी अतिक्रमण की स्थिति को ठीक करने में लगा है।
यह कार्रवाई खांडसा रोड पर सब्जी मंडी के पास मास्टर रोड पर अवैध विक्रेताओं के कब्जे के कारण होने वाली परेशानी के बारे में नागरिकों से प्राप्त शिकायतों के अनुरूप की गई। मंडी क्षेत्र के बाहर ठेलों के होने से स्कूल बसों और कार्यालय जाने वालों के लिए आवाजाही में बाधा उत्पन्न हो रही थी। गुरुग्राम में अतिक्रमण हटाने के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी और डीटीपी जीएमडीए आरएस बाठ ने 45 दिनों की अवधि में खांडसा रोड पर तीन दौरे किए और सभी अतिक्रमणकारियों को क्षेत्र खाली करने और मास्टर रोड पर किसी भी तरह के अवैध कब्जे को रोकने के लिए कहा। एमसीजी और सीएमओ की टीमों ने भी स्थिति का जायजा लेने के लिए अलग-अलग दौरे किए और उल्लंघनकारियों को चेतावनी दी।
सोमवार रात से शुरू होकर मंगलवार सुबह तक चले दो दिवसीय अभियान में जीएमडीए और एमसीजी की एनफोर्समेंट टीमों ने 75 से ज्यादा अवैध ठेलों को ध्वस्त किया। विक्रेताओं द्वारा बेचे जा रहे सामान को नुकसान नहीं पहुंचाया गया और सभी सब्जियां और फल ठेले मालिकों को वापस कर दिए गए। इसके अलावा, दो अवैध मछली बाजारों को भी एमसीजी ने सील कर दिया, जिन्हें दो मौकों पर पहले ही चेतावनी दी जा चुकी थी। इसके अलावा, दुकानों के सामने बनाए गए अनधिकृत रैंप को भी तोड़ दिया गया।
एचएसवीपी ने सेक्टर-82ए के ग्रीन बेल्ट से अवैध कब्जे हटाए
गुरुग्राम। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने मंगलवार दोपहर में सेक्टर-82ए के ग्रीन बेल्ट से अवैध कब्जे हटाए। यहां पर वाटिका बिल्डर ने सड़क बनवाई हुई थी, जिसे जेसीबी द्वारा उखाड़ दिया। हालांकि, पुलिसकर्मी नहीं मिलने पर टीम ने खुद ही पूरी कार्रवाई की। एसडीओ अजमेर ने चेतावनी दी है कि आगे से यहां पर सड़क बनाया तो वाटिका बिल्डर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि एचएसवीपी से परमिशन लेकर रोड बनाए। गुरदीप पटवारी ने ग्रीन बेल्ट की जमीन की पैमाइश की। एनफोर्समेंट टीम पहले वाटिका पुलिस थाना में पहुंची लेकिन पुलिस नहीं मिली। इसके बाद एनफोर्समेंट टीम ने बिना पुलिस के कार्रवाई की। इस दौरान ललित जेई, आनंद प्रकाश जेई, संजीव यादव प्रधान व वीरेंद्र सिंह मौजूद रहे। ब्यूरो