-गुरुग्राम के लिए 1.51 लाख से अधिक पैकेट की मंजूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। हरियाणा स्कूल शिक्षा निदेशालय ने जनवरी से मार्च 2026 तक प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली छात्राओं को सेनेटरी नैपकिन उपलब्ध कराने के आदेश जारी किए गए हैं। इस संबंध में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र भेज दिया गया है। जारी आदेशों के अनुसार कक्षा 6 से 8 तथा 9 से 12 तक की छात्राओं को प्रति माह 10 सेनेटरी नैपकिन का पैकेट दिया जाएगा। साथ ही 5 प्रतिशत अतिरिक्त स्टॉक बफर के रूप में रखने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि किसी भी स्कूल में कमी न हो।
तीन माह की अवधि में जिले को कुल मिलाकर लगभग 1.51 लाख से अधिक सेनेटरी नैपकिन पैकेट उपलब्ध कराए जाएंगे। शिक्षा विभाग ने वितरण की नियमित मॉनिटरिंग के लिए ब्लाॅक और जिला स्तर पर अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। प्रत्येक स्कूल से मासिक रिपोर्ट ली जाएगी जिसमें वितरण की संख्या और लाभान्वित छात्रों का विवरण शामिल होगा। जिला स्तर पर नियुक्त नोडल अधिकारी बलवान ने बताया कि जिले में कक्षा छठी से बारहवीं तक की छात्राओं को सेनेटरी पैड वितरित किए जाएंगे। इसके लिए योजना तैयार कर ली गई है। दो चरणों में पैड वितरित किए जाएंगे।