गुरुग्राम (पवन सेठी)। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन के सीमित लोगों को बुलाने के आदेश के बाद बृहस्पतिवार से विवाह समारोह कुछ दशक पुराने दौर की तर्ज पर होंगे। लॉन संचालकों और आयोजकों ने मिलकर जिला प्रशासन के आदेशों के पालन और मेहमानों को बुलाने दोनों काम करने के लिए यह तोड़ निकाला है। अब लड़की पक्ष के लोग शगुन आदि के लिए दिन में आएंगे, जबकि रात को बरात आएगी। जिले के ज्यादातर आयोजक इसी तर्ज पर काम कर रहे हैं। इस बारे में आयोजक अपने रिश्तेदारों को भी सूचित कर रहे हैं।
कई आयोजकों ने बताया कि विवाह समारोह के लिए तैयारियां पूरी करने के साथ ही निमंत्रण पत्र भी बांटे जा चुके हैं। ऐसे में किसी को मना किया जाता है तो वह नाराज हो जाएगा। इससे बचने के लिए ही समारोह को शिफ्टों में बांट दिया गया है। इसकी सूचना सभी मेहमानों को देकर उनका कार्यक्रम में आने और जाने का समय निर्धारित कर दिया गया है। लॉन संचालकों से भी इस बारे में बात कर ली गई है। इससे कार्यक्रम में एक बार में 100 से भी कम मेहमान रहेंगे।
इस संबंध में हरियाणा पार्टी लॉन वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान अनिल राव ने कहा कि प्रशासन की नई गाइडलाइन के बाद लोग कुछ दशक पुराने जमाने की तर्ज पर विवाह आयोजन की ओर लौटे हैं। पहले कन्या पक्ष के लोग शगुन आदि देने के लिए सुबह के समय आते थे। शाम को बरातियों का स्वागत किया जाता था। इसी तर्ज पर लोग अपने कार्यक्रमों में बदलाव कर रहे हैं। लॉन में एक बार में 100 लोगों को ही रहने की अनुमति है। अब नए कार्यक्रम से प्रशासन के आदेश की पालना होगी और सभी मेहमान वर-वधु को आशीर्वाद भी दे पाएंगे।
स्वागत में फूल की जगह बरसेगा सैनिटाइजर
समारोह का स्वरूप भी अब कोविड के अनुरूप होगा। समारोह स्थल पर प्रवेश के दौरान पहले युवतियां फूल बरसाकर मेहमानों का स्वागत करती थीं। अब मेहमानों पर सैनिटाइजर बरसाकर और उनके हाथ आदि सैनिटाइज करा स्वागत होगा। मेहमानों को लगाने के लिए मास्क दिए जाएंगे। इसके बाद ही समारोह स्थल में प्रवेश करने दिया जाएगा।
कैटरिंग वालों को दो शिफ्ट में करना होगा काम
आयोजकों के पुराने दौर जैसे आयोजन की लौटने के बाद कैटरिंग करने वालों पर असर पड़ा है। अब तक उन्हें शाम के समय ही खाना तैयार करने के लिए कहा गया था, लेकिन अब आयोजकों ने दो शिफ्ट में खाना उपलब्ध कराने की मांग कर दी है। वे इसे पूरी करने में जुट गए हैं।