विधायक मुकेश शर्मा ने महोत्सव तथा प्रदर्शनी का किया शुभारंभ
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। श्री माता शीतला देवी की पावन व दिव्य धरा पर शनिवार को संस्कृति, अध्यात्म और कला का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब जिले में गीता जयंती महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। यह महोत्सव सिविल लाइंस स्थित स्वतंत्रता सेनानी जिला परिषद के हॉल परिसर में 1 दिसंबर तक मनाया जाएगा। मुख्य अतिथि विधायक मुकेश शर्मा ने गीता महोत्सव को संबोधित करते हुए कहा कि भगवत गीता मानव जीवन के लिए वह महान ग्रंथ है, जो हर परिस्थिति में सही दिशा दिखाता है। गुरुग्राम की प्रगतिशील धरती पर गीता जयंती महोत्सव जैसे आयोजन समाज को संस्कृति, आध्यात्म और नैतिक मूल्यों से जोड़ने का माध्यम बनते हैं। ऐसे कार्यक्रम नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और अपने गौरवशाली ज्ञान परंपरा से परिचित कराते हैं।
आधुनिक दौर की तेज रफ्तार जिंदगी में गीता के मार्गदर्शन की प्रासंगिकता को केंद्र में रखते हुए आयोजित यह महोत्सव न केवल आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहा, बल्कि गुरुग्राम की सांस्कृतिक समृद्धि का भी भव्य प्रदर्शन बनकर उभरा। प्रदर्शनी से लेकर मंचीय प्रस्तुतियों तक हर आयाम में अध्यात्म, परंपरा और नवाचार का सुंदर मेल दिखाई दिया।
शर्मा ने कहा कि गीता का संदेश हमें सिखाता है कि कर्म ही हमारा वास्तविक धर्म है और सफलता का आधार मन की स्थिरता, निष्ठा और कर्तव्यपालन है। मुख्यातिथि ने प्रदर्शनी में लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया और स्वयंसेवी संस्थाओं व सामाजिक संगठनों द्वारा प्रदर्शित नवाचारों और उत्पादों की सराहना की। कार्यक्रम में जिला परिषद के सीईओ एवं महोत्सव के नोडल अधिकारी सुमित कुमार एवं उनकी पत्नी रजनी, डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार, निगम पार्षद सत्यदेव, कलाग्राम सोसायटी की निदेशक शिखा गुप्ता, जियो गीता संस्थान से लोकेश नारंग, सतीश तायल, गोविंद लाल आहूजा, सुभाष गाबा, आशीष गुप्ता, श्री शीतला माता मंदिर से पंकज सहित गणमान्य उपस्थित रहे।
विद्यार्थियों की उत्कृष्ट प्रस्तुतियों ने बांधा समां
गीता महोत्सव 2025 के सांस्कृतिक मंच पर विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। कार्यक्रम की शुरुआत राजकीय महाविद्यालय सेक्टर-14 द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई, जिसके बाद मॉडल संस्कृति स्कूल सुशांत लोक के छात्रों ने आकर्षक स्वागत गीत और ऊर्जावान हरियाणवी समूह नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को तालियों पर मजबूर कर दिया। इसी क्रम में राजीव गांधी हाई स्कूल द्वारा मनमोहक राजस्थानी नृत्य और बाद में प्रस्तुत भरतनाट्यम ने मंच की गरिमा में वृद्धि की। राजकीय महाविद्यालय सेक्टर-14 ने आगे मधुराष्टक, हरियाणवी समूह गीत और एकल नृत्य प्रस्तुत कर सांस्कृतिक विविधता को और भी समृद्ध बनाया। मॉडल संस्कृति स्कूल सुशांत लोक के विद्यार्थियों ने सजीव हरियाणवी एकल नृत्य प्रस्तुत किया और राजीव गांधी हाई स्कूल द्वारा अंत में प्रस्तुत हरियाणवी समूह नृत्य ने माहौल को उल्लास और उमंग से भर दिया।
आज मंत्री राव नरबीर सिंह होंगे मुख्यातिथि
महोत्सव के तहत 30 नवंबर को प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और गीता सद्भावना यात्रा का आयोजन किया जाएगा, जो स्वतंत्रता सेनानी जिला परिषद सभागार से शुरू होकर गीता भवन, न्यू कॉलोनी तक पहुंचेगी। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री हरियाणा राव नरबीर सिंह शिरकत करेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक पटौदी बिमला चौधरी तथा सोहना के विधायक तेजपाल तंवर उपस्थित रहेंगे।