विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला, पति, जेठ और जेठानी पर केस दर्ज
पुन्हाना। पुन्हाना शहर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक विवाहिता के साथ दहेज के लिए प्रताड़ित कर मारपीट करने तथा तीन तलाक बोलकर घर से निकालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर पति, जेठ और जेठानी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुन्हाना के पटाकपुर की रहने वाली एक पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2023 में आदिल पुत्र अब्दुल रहमान निवासी ढाड़ोला, पिनगवां के साथ मुस्लिम रीति रिवाज के अनुसार उसका निकाह हुआ थी। शादी के समय उनके पिता ने अपनी हैसियत के अनुसार दान दहेज भी दिया था। इसमें एक बाइक, 5 लाख नकदी सहित घरेलू सामान पर करीब 12 लाख रुपये खर्च किए थे। जब वह ससुराल पहुंची तो पति आदिल, जेठ हैदर और जेठानी रुखसाना ने ताना दिया कि दूसरी जगह से हमें एक ऑल्टो गाड़ी और 7 लाख रुपये मिल रहे थे।
महिला का आरोप है कि शादी के बाद से ही कम दहेज के लिए पति, जेठ और जेठानी तंग करने लगे। तीनों आरोपियों ने मानसिक व शारीरिक रूप से काफी परेशान किया। कई बार गांव के मौजिज लोगों ने उक्त आरोपियों को समझाया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़े रहे। विवाहिता ने बताया कि उनके पिता ने पति के सामने अपनी गरीबी का हवाला देते हुए कहा कि वह उनकी मांग पूरी नहीं कर सकता। जिसके बाद आरोपियों ने महिला को कमरे में बंद कर लाठियों से पीटा और गले में फंदा लगाकर जान से मारने का प्रयास किया। जैसे–तैसे महिला ने आरोपियों से अपनी जान बचाई और परिजनों को सूचना दी। पीड़िता ने बताया कि जब उनके पिता गांव के अन्य लोगों को लेकर आए तो पति आदिल ने मुझे तीन बार तलाक–तलाक–तलाक बोलकर धक्के मारकर घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता ने बताया कि उनके पास एक 8 महीने की बेटी भी है। पुलिस ने फिलहाल शिकायत के आधार पर पति, जेठ और जेठानी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।