प्रॉपर्टी टैक्स कचरा टैक्स रखरखाव शुल्क देने के बावजूद नहीं उठ रहा कचरा
मानेसर के उद्यमियों ने मुख्यमंत्री, उपायुक्त, मानेसर के निगमायुक्त और एचएसआईआईडीसी को लिखा पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। प्रदेश के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र मानेसर में कचरा नियमित नहीं उठ रहा है। सड़कों की सफाई भी नहीं हो रही है, जिससे उद्यमी परेशान हैं। मानेसर नगर निगम प्रॉपर्टी कर और कचरा कर लेता है, जबकि हरियाणा औद्योगिक संरचनात्मक विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) रखरखाव शुल्क वसूलता है।
इसके बावजूद उद्यमियों को सफाई का लाभ नहीं मिल रहा है। मानेसर इंडस्ट्रीज वेलफेयर एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री, उपायुक्त, मानेसर के निगमायुक्त और एचएसआईआईडीसी को पत्र लिखा है। उन्होंने नियमित सड़क सफाई, डोर टू डोर कचरा कलेक्शन और डंप कचरा हटाने की मांग की है। मिवा के महासचिव विकास गुप्ता ने बताया कि विभिन्न अथॉरिटी में कार्यों के बंटवारे से स्थिति खराब है। हर सेक्टर के उद्यमी ने सफाई न होने की शिकायत संगठन को भेजी है। प्रशासन से विभिन्न प्राधिकरणों की संयुक्त बैठक कराने की मांग की गई है।
उद्यमियों की शिकायतें
इस मामले को लेकर अधिकारियों के साथ कई बैठकें हुईं हैं। हर बार तय होता कि सड़कें साफ होंगी, पर कोई सुधार नहीं हुआ। -
एसपी कांबोज, उद्यमी
चार सालों में सफाई की स्थिति ज्यादा खराब हुई है, जबकि प्रॉपर्टी टैक्स, गारबेज कलेक्शन चार्ज और मेंटेनेंस चार्ज नियमित रूप से दे रहे हैं।
-भरत गोयल, उद्यमी
आईएमटी सेक्टर-7 की हालत ज्यादा खराब है और अधिकारियों को वीडियो-फोटो भेजे इसके बावजूद उनकी ओर से कार्रवाई नहीं की गई। -विपिन भाटिया, उद्यमी
यहां हरित कचरा और अन्य कचरा दोनों एक साथ मिलाकर रखा जाता है। कचरा प्रबंधन एक गंभीर समस्या है। - आरएस यादव, उद्यमी