अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। विधायक मुकेश शर्मा के सेक्टर-21 स्थित आवास पर गणेश महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। चार दिवसीय यह आयोजन 24 सितंबर तक चलेगा, जबकि 25 सितंबर को हवन-यज्ञ के बाद गणपति विसर्जन किया जाएगा।
पंडाल में चावलों से तैयार की गई गणेश प्रतिमा स्थापित की गई है। इसके साथ बाबा श्याम सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं भी स्थापित की गई हैं। आयोजन में गुरुग्राम और आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालु पहुंचकर पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन में शामिल हो रहे हैं। महोत्सव के दौरान विभिन्न शहरों से आए भजन कलाकार प्रस्तुतियां दे रहे हैं। 20 सितंबर को कोलकाता से आए भजन गायक सौरभ शर्मा ने प्रस्तुति दी। आगामी कार्यक्रमों में बरेली की अंजली द्विवेदी, वृंदावन के कुंज बिहारी दास, लखबीर सिंह लक्खा, दिल्ली की भावना रवीश पंडित और यमुनानगर के सुमित सैनी सहित अन्य कलाकारों के भजन प्रस्तावित हैं। महोत्सव के बाद 25 सितंबर को हवन-यज्ञ आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात विधि-विधान के साथ गणपति बप्पा का विसर्जन किया जाएगा।
मुकेश शर्मा ने कहा कि रिंगस स्थित खाटू श्याम धाम में फाल्गुन मेले के दौरान सेवा आयोजन और सावन में कांवड़ शिविर जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से धार्मिक एवं सेवा गतिविधियों को आगे बढ़ाया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि गणेश महोत्सव भी इसी क्रम का हिस्सा है। ऐसे आयोजन धार्मिक गतिविधियों के साथ परिवार और समाज के लोगों को एक साथ आने का अवसर भी प्रदान करते हैं।