खंड शिक्षा अधिकारी की जांच में हुआ खुलासा
संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। नई गांव के राजकीय प्राइमरी स्कूल ब्रांच में निर्माण कार्य में हुई अनियमितताओं को लेकर आखिरकार जांच शुरू हो गई है। डीसी के आदेश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने यह जांच खंड शिक्षा अधिकारी को सौंपी है। जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। स्कूल में चार नए कमरे पुराने भवन की छत पर बनाए गए हैं, जबकि विभाग की ओर से नींव से नए निर्माण के लिए राशि स्वीकृत की गई थी। स्कूल में निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार को लेकर 14 अक्तूबर के अंक के अमर उजाला में हेड मास्टर ने सेवानिवृति से चार दिन पहले निकाले 28 लाख रुपये शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी।
बता दें कि शिक्षा विभाग ने नई गांव के स्कूल में चार नए कमरों के निर्माण के लिए करीब 28 लाख रुपये की राशि मंजूर की थी। तत्कालीन हेड मास्टर और विभाग के कनिष्ठ अभियंता (जेई) ने मिलीभगत कर स्कूल की कमजोर पुरानी बिल्डिंग पर ही नए कमरे खड़े करा दिए। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पुरानी इमारत पहले से जर्जर स्थिति में थी और उसके ऊपर निर्माण कराना तकनीकी रूप से पूरी तरह गलत और खतरनाक है।
तत्कालीन हेड मास्टर इकबाल 30 जून को सेवानिवृत्त हो चुके हैं। विभाग ने पहले ही उनकी पेंशन पर आपत्ति दर्ज कराई है। जांच में यह भी सामने आया है कि निर्माण कार्य के दौरान किसी तकनीकी स्वीकृति या सुरक्षा प्रमाणपत्र की प्रक्रिया नहीं अपनाई गई। वहीं, विभागीय अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ वित्तीय व अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
00
जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर निर्माण कार्य की जांच की जा रही है। बुधवार को स्कूल के हेड मास्टर व तत्कालीन हेड मास्टर को जांच के लिए बुलाया गया। जांच जारी है जल्द ही इसकी रिपोर्ट बनाकर विभाग को कार्यवाही के लिए सौंपी जाएगी।
बिरेन्द्र गुप्ता, खंड शिक्षा अधिकारी पुन्हाना