पार्षदों और उपमंडल अधिकारी के काट रहे चक्कर, नहीं मिल रहा स्पष्ट जवाब
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। गत दो दिनों से शहर में पेयजल आपूर्ति बाधित होने के चलते शहर के लोगों के सब्र का बांध टूट गया है, शहर के लोग नगर पार्षदों और उपमंडल अधिकारी नागरिक कार्यालय सहित जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग कार्यालय में चक्कर काट रहे हैं लेकिन लोगों को कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल पा रहा है। जानकारी मिली है कि शहर में पेयजल आपूर्ति दुरुस्त करने के लिए कनिष्ठ अभियंता समीउल्लाह को चार्ज दिया गया है।
कनिष्ठ अभियंता समीउल्लाह खान ने बताया कि के पंप ऑपरेटर की एक बैठक ली है और शहर में पेयजल आपूर्ति को दुरुस्त करने के लिए कड़े दिशा निर्देश दिए हैं। इसके अलावा जहां पेयजल आपूर्ति नहीं पहुंच पा रही है, वहां कर्मचारियों को भेजकर समस्या का समाधान करवाया जा रहा है। पहले पानी की सप्लाई कुछ दिनों से लाइन लॉस के चलते बिगड़ रही है, जिसको दुरुस्त करने के लिए कुछ समय चाहिए, एक-दो दिन के अंदर शहर की सप्लाई पूरी तरह दुरुस्त कर दी जाएगी। उन्होंने सभी पंप ऑपरेटर से कहा कि नियमित समय पर ड्यूटी दें और ड्यूटी में कोताही करने वाले कर्मचारियों को नहीं बख्शा जाएगा। शहर में जहां भी लीकेज हैं उन लीकेज को दुरुस्त किया जाए।