24 मीटर चौड़ी सड़क बनाने की मांग, मौजूदा रास्ता संकरा और खराब होने से परेशानी
नंबर गेम - 950 परिवारों ने मांगी मुख्य सड़क से सीधी कनेक्टिविटी
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। सेक्टर-83 स्थित ईमार पाम गार्डन्स के करीब 950 परिवारों ने सोसाइटी को मुख्य सड़क से जोड़ने की मांग की है। इसके लिए आरडब्ल्यूए ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र भेजकर 24 मीटर चौड़ी सड़क बनाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सोसाइटी वर्ष 2018 में पूरी तरह आबाद हो गई थी, लेकिन अभी तक मुख्य सड़क से सीधा रास्ता नहीं मिला है। उनका कहना है कि पूरा टैक्स देने के बाद भी यहां रास्ता नहीं है, जिस कारण काफी परेशानी होती है।
निवासियों के अनुसार, सोसाइटी से बाहर निकलने के लिए उन्हें संकरी राजस्व सड़क का इस्तेमाल करना पड़ता है। इस सड़क की हालत भी ठीक नहीं है। सड़क के आसपास अतिक्रमण होने से रास्ता और संकरा हो गया है। बारिश के समय यहां से निकलने में ज्यादा परेशानी होती है। सुबह और शाम के समय सड़क पर वाहनों की संख्या बढ़ जाती है। स्कूल बस, निजी वाहन, डिलीवरी वाहन और दूसरे वाहनों के कारण जाम की स्थिति बनती है। लोगों का कहना है कि आपात स्थिति में एंबुलेंस और दूसरी जरूरी सेवाओं के वाहनों को भी परेशानी हो सकती है।
-
अधूरी सड़कों का जल्द हो निर्माण
सोसाइटी को मुख्य सड़क से जोड़ने वाली 24 मीटर चौड़ी सड़क का प्रावधान पहले से है। सरकार को जरूरी जमीन की प्रक्रिया पूरी कर सड़क का निर्माण जल्द शुरू करना चाहिए। - राहुल भटनागर- कोषाध्यक्ष, सोसाइटी
सोसाइटी को मुख्य सड़क और मास्टर रोड से जोड़ने के लिए सड़क का काम जल्द पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधूरी सड़कों की पहचान कर उनका निर्माण कराया जाए। - रामकेश जांगड़ा, आरडब्ल्यूए सचिव
रोजाना मुख्य सड़क तक पहुंचने में परेशानी होती है। सड़क बनने से लोगों को सीधा और सुरक्षित रास्ता मिल जाएगा। आसपास की दूसरी सोसाइटियों की सड़कों से होकर निकलना पड़ता है। इससे कई बार लोगों को परेशानी होती है। - सुनील शर्मा, अध्यक्ष, पाम गार्डन्स कॉन्डोमिनियम एसोसिएशन