जिला खेल विभाग को नियमित निरीक्षण के निर्देश, कमियां मिलने पर कराना होगा सुधार
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले के खेल मैदानों और स्टेडियमों में खिलाड़ियों को बेहतर माहौल उपलब्ध कराने के लिए सफाई और रखरखाव की व्यवस्था पर निगरानी बढ़ाई जाएगी। जिला खेल विभाग के अधिकारियों को अपने क्षेत्र के खेल स्थलों का नियमित निरीक्षण करने और वहां सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।
जिले में बड़ी संख्या में खिलाड़ी विभिन्न खेलों की तैयारी के लिए स्टेडियमों और स्थानीय खेल मैदानों में पहुंचते हैं। ऐसे में मैदानों की साफ-सफाई, कचरे का निस्तारण और आसपास की व्यवस्था खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए महत्वपूर्ण है। मैदानों में गंदगी या झाड़ियों के कारण खिलाड़ियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसे देखते हुए विभागीय स्तर पर खेल स्थलों के रखरखाव पर ध्यान दिया जा रहा है।
खेल विभाग के अधिकारियों को खेल स्थलों का जायजा लेकर वहां की सफाई और रखरखाव की स्थिति जांचनी होगी। निरीक्षण के दौरान मैदान में कचरा मिलने, सफाई में कमी या अन्य व्यवस्थागत खामियां सामने आने पर उन्हें दूर कराने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी। साथ ही यह भी सुनिश्चित करना होगा कि कमियों को दूर करने के बाद व्यवस्था दोबारा प्रभावित न हो।
जिला खेल अधिकारी आरती कोहली ने बताया कि विभाग का जोर केवल स्टेडियमों तक सीमित न रहकर छोटे खेल मैदानों की स्थिति सुधारने पर भी रहेगा। नियमित निरीक्षण के जरिये व्यवस्थाओं की निगरानी की जाएगी, ताकि खेल स्थलों पर सफाई और रखरखाव बना रहे तथा खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें।