गुरुग्राम। कोरोना संक्रमितों के उपचार में हर कोई अपने स्तर से प्रयास कर रहा है। ईद-उल-फितर के अवसर पर जमीयत उलेमा हिंद की ओर से संक्रमितों के लिए निशुल्क ऑटो एंबुलेंस की सुविधा शुरू की गई है। जो कि कोरोना पॉजिटिव मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में मदद करेगी। उलेमा हिंद की ओर से 20 ऑटो को इस मुहिम में शामिल किए गए हैं। इसमें मरीज को ऑक्सीजन की भी सुविधा दी जाएगी।
कोरोना संक्रमितों को समय पर एंबुलेंस नहीं मिल पा रही है। जिसके कारण उनके साथ-साथ तीमारदार भी परेशान हो जाते है। लेकिन अब मरीजों की सहूलियत के लिए जमीयत उलेमा हिंद ने ऑटो एंबुलेंस की पहल की है। जानकारी के अनुसार एंबुलेंस में ऑक्सीजन सिलिंडर भी लगाया गया है। जिससे कि जरूरत पड़ने पर मरीज को तुरंत ऑक्सीजन दी जा सके। जमीयत उलेमा हिंद गुरुग्राम के अध्यक्ष मुफ्ती सलीम कासमी ने बताया कि फिलहाल 20 ऑटो एंबुलेंस चलाई गईं हैं। जरूत पड़ने पर इसकी संख्या बढ़ाई जाएगी। उन्होंने बताया कि महामारी की दूसरी लहर में लोग संक्रमित होकर जान गंवा रहे हैं। ऐसे में अस्पताल पहुंचाने के लिए समय रहते एंबुलेंस नहीं मिल रही है। ऐेसे जरूरतमंदों के लिए यह सेवा शुरू की गई है।