पंजीकृत मोबाइल को बदलकर ठगी की वारदात को दिया अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जालसाजों ने एक दंपती के बैंक खातों से पंजीकृत मोबाइल नंबरों को बदलकर 1.20 लाख रुपये निकाल लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने साइबर अपराध शाखा मानेसर में एफआईआर दर्ज की है।
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी निवासी सुरेश बाबू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मानेसर क्षेत्र में एक कंपनी में काम करता है। 21 से 23 अगस्त के बीच उसके बैंक खाते से 15,655 रुपये और उसकी पत्नी के बैंक खाते से 1,04,987 रुपये कट गए। दोनों के बैंक खातों में एक ही मोबाइल नंबर लिंक था, जोकि 20 अगस्त को बंद हो गया था। सुरेश ने इस नंबर को 24 अगस्त को दोबारा चालू कराया। इस दौरान एक अनजान नंबर से कॉल आई थी। सुरेश ने पुलिस को शिकायत दी है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके बैंक खातों व मोबाइल नंबर के माध्यम से 1.20 लाख रुपये निकाल लिए है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।